
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटा मोटर्स ने विश्वकर्मा पूजा से पहले बोनस समझौते के दौरान स्थायी किए गए 375 बाई सिक्सकर्मियों की सूची जारी कर दी. सूची को देखने के लिए लेबर ब्यूरो पर कर्मचारियों की भीड़ लगी रही. टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन ने अगस्त माह में हुए बोनस समझौते में 375 बाई सिक्स कर्मियों को स्थायीकरण का तोहफा दिया था. इसमें चरणबद्ध तरीके से स्थायी हो रहे 225 बाई सिक्सकर्मियों के अलावा 150 अतिरिक्त शामिल है. पिछले जून माह तक 2700 बाई सिक्स में से 1675 कर्मियों का स्थायीकरण हो चुका था और 1050 बाई सिक्सकर्मी बचे हैं. इसमें से 375 का इस बार स्थायीकरण हो रहा है. ऐसे में अब केवल 650 बाई सिक्स कर्मी बच जाएंगे, जो अगले साल जून के पहले स्थायी हो जाएंगे. उल्लेखनीय है कि टाटा मोटर्स में हाई कोर्ट के आदेश के आलोक में गत 25 जनवरी 2024 को हुए त्रिपक्षीय समझौते के तहत चरण बद्ध तरीके से स्थायीकरण की प्रक्रिया चल रही है.
18 सितंबर से 31 अक्टूबर के बीच होगा मेडिकल
इस सूची में शामिल कर्मियों का मेडिकल टेस्ट 18 सितंबर से बैचवार होगा. जिनकी ड्यूटी ए शिफ्ट में होगी, वे दूसरे हॉफ में और जो बी शिफ्ट में होंगे, वे पहले हॉफ में रिपोर्ट करेंगे. यूनियन के अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद एवं महामंत्री आरके सिंह ने स्थायी होने वाले कर्मचारियों को शुभकामनाएं देते हुए कंपनी के निर्देशानुसार ससमय लेबर ब्यूरो में रिपोर्ट करने का आग्रह किया है.

