
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटा कमिंस कर्मचारी यूनियन का चुनाव 29 मई से लंबित हो गया है. चुनाव लंबित होने के बाद अब कर्मचारियों ने चुनाव को लेकर कवायद शुरु कर दी है. गुरुवार को सात कर्मचारियों का गुट प्लांट हेड अजितेश मोंगा के पास पहुंच गया. इस गुट में प्रदीप साहु, प्रवीण श्रीवास्तव, कमलेश कुमार सिंह, अवनीश अनुपम, प्रत्युष विस्वास तथा रवि मार्डी शामिल थे. इन कर्मचारियों ने प्लांट हेड से चुनाव लंबित होने के कारण यूनियन से किसी प्रकार का एग्रीमेंट नहीं करने का आग्रह किया. साथ ही प्लांट हेड से कहा कि यूनियन का वे चुनाव कराने की घोषणा करें.
प्रबंधन ने इस मामले में यूनियन से बात करने को कहा. कर्मचारियों ने भी कहा कि यूनियन की ओर से अब तक इसकी कोई पहल नहीं की गई है. वे यूनियन नेतृत्व से बात कर चुनाव की तिथि की घोषणा करायें. प्रबंधन ने कर्मचारियों को बताया कि यूनियन नेतृत्व सावन के बाद चुनाव की बात कर रहा है. कर्मचारियों ने प्रबंधन से चुनाव की तिथि घोषित करने का आग्रह किया. इस तरह कर्मचारियों ने प्लांट हेड से मिलकर यूनियन नेतृत्व पर चुनाव कराने के लिए दवाब बढ़ा दिया है.

