
* यूनियन राजनीति से तंग आकर कार्यकारी अध्यक्ष प्रकाश महतो ने चुनाव नहीं लड़ने का फैसला लिया
* एकमात्र महिला सीट पर भी होगा मुकाबला
* 10 निर्वाचन क्षेत्र के लिए 62 फॉर्म बिके, आज भरा हुआ फॉर्म जमा होगा
उदित वाणी, जमशेदपुर : 31 जुलाई को होने वाले टाटा कमिंस कर्मचारी यूनियन के चुनाव को लेकर गुरुवार 24 जुलाई को 62 फॉर्म बिके. यूनियन के चुनाव पदाधिकारी सीएस झा और उप चुनाव पदाधिकारी अश्विनी मथान ने बताया कि 10 निर्वाचन क्षेत्र के लिए होने वाले चुनाव के लिए 62 फॉर्म बिके है. 25 जुलाई शुक्रवार को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे के बीच भरा हुआ फॉर्म जमा होगा. सर्वाधिक फॉर्म एटीपी निर्वाचन क्षेत्र के लिए बिके है. इस निर्वाचन क्षेत्र में 5 सीटें हैं, जिसके लिए 16 फॉर्म बिके हैं.
आसान नहीं है सत्ता पक्ष की जीत, विरोधी खेमे ने पूरा जोर लगाया
विरोधी नेताओं को यूनियन से बाहर करने के बाद सत्ता पक्ष के विरोध में कर्मचारियों ने कमर कस लिया है और इस चुनाव में दो दो हाथ करने को तैयार है. सत्ता पक्ष के लिए जीत आसान नहीं है, क्योंकि हर निर्वाचन क्षेत्र में उन्हें विरोध का सामना करना पड़ेगा. सीबीबीयू निर्वाचन क्षेत्र में वर्तमान अध्यक्ष दिप्तेन्दू चक्रवर्ती को प्रवीण श्रीवास्तव, प्रदीप साहू और अनिल सिंह के साथ भिड़ंत होगी. पर्दे के पीछे से यूनियन की राजनीति करने वाले श्रीनिवास राव को भी जबर्दस्त चुनौती मिलने जा रही है. टूलिंग निर्वाचन क्षेत्र में भास्कर और रवीन्द्र गिरी उन्हें चुनौती देंगे. यूनियन के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष एहसान अहमद सिराजी ने भी चुनाव लड़ने का फैसला लिया है. क्वालिटी निर्वाचन क्षेत्र से सिराजी के साथ सुरेन्द्र लाल भी चुनाव लड़ेंगे. मेटेरियल निर्वाचन क्षेत्र में सुमित पॉल और रंजन पांडेय को रतन प्रमाणिक और सगीरूद्दीन चुनौती देंगे और चुनाव में बड़ा फेरबदल करने की कोशिश होगी. सीएचबीयू निर्वाचन क्षेत्र में शशि शेखर शुक्ला की प्रतिष्ठा में अंजय कुमार ने डेंट लगाने की पूरी तैयारी कर ली है, वहीं आरसीबीयू में कृष्णा राव, राजेश सिंह, शेषाद्री नंदी और कुंदन कुमार सिंह ने कमर कस लिया है. एसेम्बली लाइन से जीते सुमित कुमार के लिए भी इस बार जीत आसान नहीं दिख रही. अनुप किशोर सिन्हा, रवि रंजन, अविनाश अनुपम, प्रत्यूष विश्वास और मार्डी पूरे दमखम के साथ चुनाव मैदान में उतरने जा रहे हैं. महिलाओं के लिए रिजर्व एकमात्र सीट पर भी इस बार मुकाबला होने जा रहा है. अब तक माया कुमारी का निर्विरोध निर्वाचन होता था, लेकिन इस बार उनके मुकाबले में रितु कुमारी ने चुनाव मैदान में उतरने का फैसला लिया है. कंपनी में केवल 16 महिलाएं हैं, जिन्हें इस सीट के लिए मतदान करना है. उधर, यूनियन की अन्दुरूनी राजनीति से तंग आकर वर्तमान कार्यकारी अध्यक्ष प्रकाश महतो ने चुनाव नहीं लड़ने का फैसला लिया है. उन्होंने फॉर्म नहीं खरीदा है.
किस निर्वाचन क्षेत्र में कितने फॉर्म बिके
निर्वाचन क्षेत्र संख्या सीटें फॉर्म बिके
एटीपी 1 5 16
सीबीबीयू 2 2 5
सीएचबीयू 3 1 6
आरसीबीयू 4 2 5
सीआरबीयू 5 2 5
मेटेरियल्स 6 2 9
क्वालिटी 7 2 9
टूलिंग 8 1 3
ऑफिस 9 1 2
महिला (रिजर्व) 10 1 2
शेष चुनाव कार्यक्रम
कार्यक्रम तिथि
नामांकन पत्र जमा करने की तिथि-25 जुलाई (सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे)
उम्मीदवारों की सूची का प्रकाशन 25 जुलाई
नामांकन पत्रों की जांच 26 जुलाई
जांच के बाद सूची का प्रकाशन 26 जुलाई (शाम 4 बजे)
उम्मीदवारों की नाम वापसी 28 जुलाई (अपरा्हन 3 बजे तक)
निर्विरोध उम्मीदवारों की सूची का प्रकाशन-28 जुलाई (शाम 4.30 बजे)
मतदान की तिथि 31 जुलाई (सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक)

