
* अनुज किशोर सिन्हा द्वारा अपनी दावेदारी वापस लेने के बाद अविनाश अनुपम निर्विरोध चुने गए महामंत्री
* एक दो रोज पूरी टीम का हो जाएगा गठन
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटा कमिंस कर्मचारी यूनियन के नये अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह और महामंत्री अविनाश अनुपम होंगे. अध्यक्ष का चुनाव वोटिंग से हुआ. अध्यक्ष पद के दावेदार राजेश कुमार सिंह और प्रवीण श्रीवास्तव थे. सोमवार को हुई नये कमेटी मेंबरों की बैठक में अध्यक्ष को लेकर सहमति नहीं बन पाई. इसके बाद वोटिंग कराने का फैसला लिया गया, जिसमें राजेश कुमार सिंह को 12 और प्रवीण श्रीवास्तव को 7 कमेटी मेंबरों का समर्थन मिला. इस तरह 5 वोटों के अंतर से राजेश कुमार सिंह को अध्यक्ष चुना गया. उधर, महामंत्री पद के लिए अविनाश अनुपम और अनुज किशोर सिन्हा दावेदार थे. बाद में अनुज किशोर सिन्हा ने अपनी दावेदारी वापस ले ली, जिसके चलते अविनाश अनुपम निर्विरोध महामंत्री चुने गए.
बैठक में फैसला लिया गया कि एक दो रोज में पूरी कमेटी का गठन कर लिया जाएगा.19 कमेटी मेंबरों में 10 पदाधिकारी होंगे, जिसमें एक अध्यक्ष, एक महामंत्री, एक कार्यकारी अध्यक्ष, एक संयुक्त महामंत्री, एक कोषाध्यक्ष, दो उपाध्यक्ष और तीन सहायक सचिव होंगे. राजेश कुमार सिंह, आरसीबीयू और अविनाश अनुपम एटीपी से चुनाव जीते हैं. उल्लेखनीय है कि 31 जुलाई को टाटा कमिंस कर्मचारी यूनियन का चुनाव हुआ था, जिसमें वर्तमान यूनियन का पूरा सफाया हो गया था. अध्यक्ष-महामंत्री के साथ ही अधिकतर पदाधिकारी चुनाव हार गये थे.

