
अनूप किशोर सिन्हा बने कार्यकारी अध्यक्ष, प्रवीण श्रीवास्तव नहीं बने पदाधिकारी
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटा कमिंस कर्मचारी यूनियन की नई कमेटी का गठन शुक्रवार को हो गया. चुनाव पदाधिकारी सीएस झा और उप चुनाव पदाधिकारी अश्विनी मधान की मौजूदगी में नई टीम की घोषणा की गई. उल्लेखनीय है कि 4 अगस्त को पहले ही यूनियन अध्यक्ष और महामंत्री का फैसला हो गया था. यूनियन अध्यक्ष का चुनाव वोट के जरिए हुआ था, जिसमें राजेश कुमार सिंह को 12 और प्रवीण श्रीवास्तव को 7 कमेटी मेंबरों का समर्थन मिला था. इस तरह से राजेश कुमार सिंह नई टीम के अध्यक्ष बने थे. अविनाश अनुपम को सर्वसम्मति से महामंत्री चुना गया था.
नई टीम की घोषणा
शुक्रवार को अध्यक्ष और महामंत्री ने अपनी टीम की घोषणा की. सबसे पहले अध्यक्ष के नाम का प्रस्ताव नीतेश कुमार शर्मा द्वारा लाया गया, जिसका समर्थन श्रीनिवास सिंह और अन्य ने किया. उसी तरह से महामंत्री के नाम का प्रस्ताव शंभू शरण ने लाया, जिसका समर्थन प्रत्युष कुमार विश्वास ने किया. अध्यक्ष-महामंत्री के चुने जाने के बाद बाकी पदाधिकारियों के चयन के लिए रतन प्रमाणिक ने प्रस्ताव लाया और अध्यक्ष और महामंत्री को बाकी पदाधिकारियों को चुनने का अधिकार दिया गया. अध्यक्ष और महामंत्री ने कार्यकारिणी सदस्यों के साथ बैठकर बाकी पदाधिकारियों के नाम की घोषणा की. इसके बाद चुनाव पदाधिकारी ने सभी कमेटी मेंबरों को प्रमाण पत्र दिया.
19 में से 18 कमेटी मेंबर्स मौजूद, श्रीनिवास राव अनुपस्थित
यूनियन पदाधिकारियों के चुनाव को लेकर हुई बैठक में 19 में से 18 कमेटी मेंबर्स मौजूद थे. पिछली टीम के सक्रिय पदाधिकारी रहे श्रीनिवास राव अपनी टीम के हारने के बाद से ही अनुपस्थित रह रहे हैं. उल्लेखनीय है कि 31 जुलाई को हुए चुनाव में दिप्तेन्दू चक्रवर्ती की टीम को शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा था. उस टीम में से केवल तीन कमेटी मेंबर्स ही जीत पाए थे, जिसमें से एक श्रीनिवास राव थे. अगर चुनाव क्षेत्र का परिसीमन नहीं हुआ होता तो वर्तमान टीम का खाता भी नहीं खुलता.
जानिए नई टीम के बारे में
पद नाम
अध्यक्ष : राजेश कुमार सिंह
कार्यकारी अध्यक्ष : अनूप किशोर सिन्हा
उपाध्यक्ष (2) : प्रदीप कुमार साहू और रतन प्रमाणिक
महामंत्री : अविनाश अनुपम
संयुक्त महामंत्री : शंभू शरण
सह सचिव : अंजय कुमार और नीतेश कुमार
कोषाध्यक्ष : कमलेश कुमार सिंह
कार्यकारिणी सदस्य- प्रत्युष कुमार विश्वास, राजन प्रकाश, विश्वनाथ मार्डी, प्रवीण श्रीवास्तव, श्रीनिवास सिंह, कृष्णा राव, सगीरूद्दीन, उज्ज्वल दास, श्रीनिवास और रितु कुमारी.

