
उदित वाणी, जमशेदपुर : समग्र युवा विकास को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए टाटा क्लासएज ने टाटा स्टील स्पोर्ट्स विभाग, टाटा स्टील एडवेंचर फाउंडेशन (टीएसएएफ) तथा हाकी ऐस फाउंडेशन (एचएएफ) के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं. यह सहयोग शिक्षा, खेल और साहसिक गतिविधियों को एक साथ जोड़कर भावी पीढ़ी को मजबूत, सक्रिय और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से किया गया है.
यह समझौता ज्ञापन टाटा स्टील, जमशेदपुर स्थित कॉर्पोरेट सर्विसेज कार्यालय में टाटा स्टील के कॉर्पोरेट सर्विसेज के उपाध्यक्ष एवं टीएसएएफ तथा एचएएफ के अध्यक्ष डी.बी. सुंदरा रामम तथा टाटा क्लासएज के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं प्रबंध निदेशक तरुण भोजवानी द्वारा हस्ताक्षरित किया गया. इस अवसर पर टाटा क्लासएज से बलदीप सिंह (चीफ बिज़नेस ऑपरेशंस एंड स्ट्रैटेजी) और शिवम झा (जनरल मैनेजर) उपस्थित थे. वहीं टाटा स्टील की ओर से प्रमुख खेल अधिकारी मुकुल विनायक चौधरी, हेमंत गुप्ता (हेड, स्पोर्ट्स एकेडमीज़ एंड टीएसएएफ एवं सीईओ, एचएएफ) तथा अनुज मेहंदीरत्ता (हेड, बिजनेस फाइनेंस, कॉर्पोरेट सर्विसेज) मौजूद रहे.

इस अवसर पर डी.बी. सुंदरा रामम ने कहा, “यह साझेदारी ऐसी पीढ़ी तैयार करने की दिशा में एक कदम है जो न केवल शैक्षणिक रूप से मजबूत हो, बल्कि शारीरिक रूप से सक्रिय, भावनात्मक रूप से सशक्त और सामाजिक रूप से उत्तरदायी भी हो.”
टाटा क्लासएज के सीईओ एवं एमडी तरुण भोजवानी ने कहा, “हम टाटा स्टील के साथ मिलकर भारत के युवाओं तक एकीकृत शिक्षण के प्रभाव को पहुंचाने को लेकर उत्साहित हैं.”
भागीदार संगठनों के बारे में
टाटा क्लासएज:
टाटा समूह की अग्रणी एडटेक कंपनी टाटा क्लासएज राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) के अनुरूप डिजिटल लर्निंग समाधान प्रदान करती है. इसके माध्यम से देशभर के 1900 से अधिक विद्यालयों के 15 लाख से ज्यादा छात्र लाभान्वित हो रहे हैं. कंपनी रचनात्मकता, नैतिकता और अनुभवात्मक अधिगम को बढ़ावा देती है.
टाटा स्टील स्पोर्ट्स विभाग:
1920 से चली आ रही विरासत के साथ टाटा स्टील खेलों में उत्कृष्टता को प्रोत्साहित कर रही है. इसके विभिन्न खेल अकादमियों में फुटबॉल, हॉकी, तीरंदाजी, एथलेटिक्स और क्लाइंबिंग जैसे खेलों में हजारों युवाओं को प्रशिक्षण दिया जाता है.
टाटा स्टील एडवेंचर फाउंडेशन (टीएसएएफ):
टीएसएएफ साहसिक अभियानों के माध्यम से नेतृत्व क्षमता, आत्म-खोज और दृढ़ता को बढ़ावा देता है. संगठन पर्वतारोहण, अनुभवात्मक शिक्षा और आउटडोर प्रशिक्षण कार्यक्रमों का संचालन करता है.
हॉकी ऐस फाउंडेशन (एचएएफ):
यह एक गैर-लाभकारी संस्था है जो उच्च स्तरीय हॉकी प्रतिभाओं के विकास के लिए कार्यरत है. एचएएफ, जमशेदपुर और भुवनेश्वर स्थित नेवल टाटा हॉकी अकादमियों का संचालन करती है, जो जमीनी स्तर से लेकर पेशेवर स्तर तक खिलाड़ियों को निखारने का कार्य करती हैं.

