
उदित वाणी, चांडिल : एसएम स्टील एंड पावर लिमिटेड को लेकर क्षेत्र में सकारात्मक माहौल बनता दिखाई दे रहा है. रविवार को आदरडीह स्थित दुर्गा मंदिर प्रांगण में आयोजित एक सभा में दर्जनों स्थानीय ग्रामीणों और जमीनदाताओं ने कंपनी के प्रति अपना पूर्ण समर्थन व्यक्त किया.
सभा में वक्ताओं ने कहा कि एस.एम. स्टील एंड पावर लिमिटेड क्षेत्र के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है. कंपनी द्वारा सड़कों के निर्माण, स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने और सामाजिक कार्यों में सहयोग से इलाके की आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ है. ग्रामीणों का कहना था कि इस परियोजना से रोजगार के नए द्वार खुले हैं और विकास की रफ्तार तेज हुई है.

जमीनदाताओं ने स्पष्ट किया कि कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा कंपनी के खिलाफ भ्रामक प्रचार चलाया जा रहा है, जिसे वे पूरी तरह खारिज करते हैं. उन्होंने कहा कि कंपनी के विकास कार्यों को देखकर वे आगामी जनसुनवाई में सक्रिय रूप से भाग लेंगे और खुले तौर पर कंपनी के पक्ष में अपनी बात रखेंगे.
ग्रामीणों ने प्रशासन से जनसुनवाई को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने की मांग की. उनका कहना था कि विकास की राह में रुकावट डालने वाले न तो गाँव के हितैषी हैं और न ही क्षेत्र के. उन्होंने उम्मीद जताई कि कंपनी की पहल से आने वाले समय में चांडिल और आसपास के गाँवों में रोजगार, शिक्षा और आधारभूत संरचनाओं के क्षेत्र में और अधिक प्रगति होगी.

