
उदित वाणी, जमशेदपुर : अमेरिका द्वारा भारत पर थोपे गये 50 प्रतिशत एकतरफा टैरिफ के विरोध में सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने गुरुवार को एक पोस्टर लांच किया. चैंबर ने पोस्टर के माध्यम से अमेरिकी उत्पादों के बहिष्कार एवं स्वदेशी उत्पादों के उपयोग का आह्वान किया. पोस्टर को चैम्बर के अध्यक्ष विजय आनंद मूनका, उपाध्यक्ष व्यापार एवं वाणिज्य अनिल मोदी, अधिवक्ता राजीव अग्रवाल एवं अन्य पदाधिकारियों ने लांच किया. अध्यक्ष विजय आनंद मूनका ने कहा कि अमेरिका का यह निर्णय अनैतिक एवं अव्यावहारिक है.
उन्होंने कहा कोरोना के समय भी इस तरह के अव्यावहारिक निर्णयों से भारत के सामने दिक्कतें आई थी, परंतु भारत के उद्यमियों एवं व्यापारियों ने अपनी उद्यमशीलता से सारी परेशानियों को दूर किया और आपदा को अवसर में बदलते हुए नये कीर्तिमान स्थापित किए. उन्होंने कहा कि ऐसे निर्णयों से भारतीयों को हताश नहीं होना चाहिए, अपितु अमेरिका को मुंहतोड़ जवाब देने की तैयारी करनी चाहिए. मूनका ने भारतीय जनमानस से अपील की कि हमें भी अमेरिकी कंपनियों का खुलकर बहिष्कार करना चाहिए ताकि उनको सबक मिल सके.
तानाशाही भरा कदम
अनिल मोदी ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प का यह निर्णय तानाशाही भरा है. उन्होंने कहा कि अमेरिका का यह ऐलान वैश्विक मंच पर भारत को नीचा दिखाने का प्रयास है. भारत के उद्यमियों एवं व्यावसायियों के साथ-साथ आम नागरिक भी अमेरिका के कुत्सित प्रयास को समझ रहा है. अमेरिका के इस अपरिपक्व ऐलान से आम जनमानस में भी आक्रोष है. सचिव भरत मकानी ने कहा कि चैम्बर का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा. इस अवसर पर मुख्य रूप से सचिव अंशुल रिंगसिया, बिनोद शर्मा, कोषाध्यक्ष अनिल रिंगसिया, अनीस वैद्य, प्रमोद मेहता के अलावा अन्य सदस्यगण उपस्थित थे.

