
उदित वाणी, जमशेदपुर : सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स अपने प्लैटिनम जुबिली समारोह के तहत मंगलवार 24 जून को संध्या 4.15 बजे से कुडी मोहंती ऑडिटोरियम कदमा में एक परिचर्चा का आयोजन करने जा रहा है. परिचर्चा का विषय है-‘Eastern India a kaleidoscope of Opportunities – Jamshedpur the focal point’ . मुख्य वक्ता एवं अतिथि के रूप में टाटा स्टील के ग्लोबल सीईओ सह प्रबंध निदेशक टीवी नरेन्द्रन होंगे. टाटा स्टील के उपाध्यक्ष कॉर्पोरेट सर्विसेज डीबी सुंदर रामम विशिष्ट अतिथि होंगे. अध्यक्ष विजय आनंद मूनका ने बताया कि चैम्बर के प्लैटिनम जुबिली समारोह महीने भर चलने वाला है जिसका आगाज 25 मई को लोयोला स्कूल के फेजी ऑडिटोरियम में हुआ था.
इसमें लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ, पूर्व मुख्यमंत्री एवं केन्द्रीय मंत्री अर्जुन मुण्डा एवं जमशेदपुर के सांसद विद्युतवरण महतो ने भाग लिया था. इस प्लैटिनम जुबिली समारोह के अंतर्गत व्यवसाय एवं उद्योग से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन की भी योजना है. इसी के मद्देनजर मंगलवार को ‘Eastern India a kaleidoscope of Opportunities – Jamshedpur the focal point’ विषय पर एक परिचर्चा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें देश के जाने-माने सीईओ में से एक टाटा स्टील के ग्लोबल सीईओ सह प्रबंध निदेशक टीवी नरेन्द्रन अपना व्याख्यान देंगे.
प्लैटिनम जुबिली समारोह के उपलक्ष्य में आयोजित यह कार्यक्रम जमशेदपुर के व्यवसायी एवं उद्यमी वर्ग के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण होगा. चैम्बर के पदाधिकारियों में उपाध्यक्ष अनिल मोदी, अधिवक्ता राजीव अग्रवाल, पुनीत कांवटिया, अभिषेक अग्रवाल गोल्डी, सचिव भरत मकानी, अंशुल रिंगसिया, बिनोद शर्मा, सुरेश शर्मा लिपु एवं कोषाध्यक्ष सीए अनिल रिंगसिया इसकी तैयारी में लगे हुए हैं.
