
उदित वाणी, जमशेदपुर : सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के तत्वावधान में दो दिवसीय “दीपावली ट्रेड फेयर” का आयोजन शनिवार 11 अक्टूबर और रविवार 12 अक्टूबर को चैम्बर भवन में किया जाएगा. फेयर की तैयारियां इस समय जोरों पर हैं.
चैम्बर के उपाध्यक्ष (व्यापार एवं वाणिज्य) अनिल मोदी और सचिव भरत मकानी ने जानकारी देते हुए बताया कि महिलाओं में उद्यमिता और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चैम्बर कई वर्षों से इस तरह के फेयर का आयोजन कर रहा है. इस वर्ष भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “वोकल फॉर लोकल” अभियान को आगे बढ़ाते हुए पारंपरिक व्यवसाय से जुड़े लोगों को मंच प्रदान किया जा रहा है.
मेले में कुम्हारों द्वारा बनाए गए मिट्टी के दीये, लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां, हस्तनिर्मित सजावटी वस्तुएं, चादर, होम फर्नीशिंग, पापड़-आचार, मिठाइयाँ, महिलाओं के परिधान जैसे साड़ियां, सलवार सूट, कुर्तियां, घर की सजावट के सामान, इलेक्ट्रिक स्कूटर और कॉमर्शियल ऑटो सहित दीपावली से संबंधित अनेक उत्पाद उपलब्ध रहेंगे. फेयर में भाग लेने वालों को कूपन के माध्यम से रोजाना सरप्राइज़ गिफ्ट जीतने का भी मौका मिलेगा.
आयोजकों ने बताया कि मेले में प्रवेश पूरी तरह निशुल्क रहेगा. इस बार के फेयर को विशेष रूप देने की तैयारी की जा रही है ताकि इसे यादगार बनाया जा सके.
चैम्बर के अध्यक्ष मानव केडिया और महासचिव पुनीत कांवटिया ने शहरवासियों एवं चैम्बर सदस्यों से आग्रह किया है कि वे “वोकल फॉर लोकल” के संदेश को आगे बढ़ाते हुए स्वदेशी उत्पादों की खरीदारी के लिए इस दो दिवसीय दीपावली ट्रेड फेयर में अवश्य शामिल हों.
फेयर की संयोजक सुमन नागेलिया और दीपक चेतानी मेले की तैयारियों में लगातार जुटे हुए हैं. सफल आयोजन के लिए उपाध्यक्ष राजीव अग्रवाल, अभिषेक अग्रवाल गोल्डी, हर्ष बाकरेवाल, सचिव अंशुल रिंगसिया, विनोद शर्मा, सुरेश शर्मा लिपु और कोषाध्यक्ष सीए. अनिल रिंगसिया सहित सभी पदाधिकारी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं.

