
उदित वाणी, जमशेदपुर : सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के प्लैटिनम जुबिली समारोह के तहत आयोजित हो रहे कार्यक्रमों की श्रृंखला में शनिवार 21 जून से चैंबर भवन बिष्टुपुर में दो दिवसीय मानसून ट्रेड फेयर का आयोजन होने जा रहा है. महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने के मकसद से आयोजित हो रहे इस मेले में शहर की महिलाओं द्वारा बनाए गए हस्तशिल्प की मिसाल दिखेगी. चैम्बर के उपाध्यक्ष ट्रेड एंड कॉमर्स अनिल मोदी ने बताया कि चैंबर सदैव उद्योग एवं व्यापार को प्रोत्साहित करने हेतु कृत संकल्प रहा है. यही कारण है कि चैंबर की पहुंच शहर की बड़ी कंपनियों से लेकर घर में अपना व्यवसाय चला रही महिलाओं तक है.
ऐसी महिलाएं, जिनके हाथों में हुनर है एवं व्यापार हेतु विजन है परंतु उन्हें उचित मंच की तलाश है, ऐसी सभी महिलाओं को व्यापक बाजार, मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चैम्बर की ओर से 21 एवं 22 जून को चैम्बर भवन के सभागार में मानसून ट्रेड फेयर का आयोजन होने जा रहा है. इस आयोजन में 50 महिला एवं पुरूष उद्यमी अपनी सहभागिता निभाकर अपने व्यवसाय को नई दिशा देने का काम करेंगे. मोदी ने बताया कि मेले में गृह सज्जा, परिधान, दवाईयां, औषधि, घरों में बनने वाले आचार पापड़, बेडशीट, चादर, अगरबत्ती, ज्वेलरी, भगवान की पोशाकें एवं अन्य गुणवत्तापूर्ण चीजें एक ही छत के नीचे लोगों को किफायती दामों पर मिलेंगी.
मुख्य अतिथि होंगे परिवहन मंत्री दीपक बिरूआ
चैम्बर के अध्यक्ष विजय आनंद मूनका ने कहा कि प्लैटिनम जुबिली समारोह के तहत महिला उद्यमिता के साथ स्थानीय व्यापार एवं उद्योग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इस फेयर का एक अलग रूप होगा. इसका उद्घाटन शनिवार 21 जून को को पूर्वाह्न 11.30 बजे झारखंड सरकार के राजस्व, पंजीकरण एवं भूमि सुधार तथा परिवहन मंत्री दीपक बिरूआ तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में ईचागढ़ की विधायक श्रीमती सविता महतो एवं जुगसलाई के विधायक मंगल कालिंदी द्वारा किया जाएगा. उद्घाटन के अवसर पर चैम्बर के पूर्व अध्यक्षगणों को भी आमंत्रित किया गया है. रविवार 22 जून को भी कोल्हान के अन्य विधायक एवं गणमान्य लोगों को मेला भ्रमण हेतु आमंत्रित किया गया है.
मेले में दूसरे राज्यों के प्रतिनिधि भी
ट्रेड फेयर की संयोजक सुमन नागेलिया ने बताया कि ट्रेड फेयर में जमशेदपुर एवं रांची के अलावा दूसरे राज्यों पश्चिम बंगाल, ओडिशा और बिहार के स्टॉल होल्डर्स ने अपने स्टॉल आरक्षित करवाए हैं जो चैम्बर के ट्रेड फेयर की लोकप्रियता को दर्शाता है. सचिव भरत मकानी ने जानकारी दी कि मानसून ट्रेड फेयर पूरी तरह निःशुल्क है जिसमें चैम्बर सदस्यों के अलावा जमशेदपुर के आम नागरिक भी आमत्रित हैं. ट्रेड फेयर का समय पूर्वाह्न 11.00 से संध्या 8.30 बजे तक रहेगा. फेयर की तैयारियों में मेला संयोजक श्रीमती सुमन नागेलिया एवं चैम्बर के अन्य पदाधिकारीगण मानद महासचिव मानव केडिया, उपाध्यक्ष अधिवक्ता राजीव अग्रवाल, पुनीत कांवटिया, अभिषेक अग्रवाल गोल्डी, सचिव भरत मकानी, अधिवक्ता अंशुल रिंगसिया, बिनोद शर्मा, सुरेश शर्मा लिपु एवं कोषाध्यक्ष सीए. अनिल रिंगसिया ने चैम्बर सदस्यों के साथ जमशेदपुर के आम नागरिकों को इस मानसून ट्रेड फेयर में अपने पसंद की चीजें किफायती दामों पर खरीददारी कर इसका लाभ उठाने हेतु आमंत्रित किया है.

