
उदित वाणी, जमशेदपुर : सिंहभूम चैंबर ऑफ़ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के एक प्रतिनिधिमंडल ने कृषि उत्पादन बाजार समिति के विपणन सचिव अभिषेक आनंद से उनके परसुडीह स्थित कार्यालय में मुलाकात की एवं कृषि उत्पादन बाजार समिति की समस्याओं विशेष कर दुकान एवं गोदाम के नवीनीकरण के संदर्भ में व्यापारियों को भेजे गए नोटिस के संदर्भ में वार्ता की एवं समस्याओं के निराकरण हेतु ज्ञापन सौंपा. इस अवसर पर चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष विजय विजय आनंद मुनका ने कहा कि कृषि उत्पादन बाजार समिति में व्यापारी लगभग 40 वर्षों से अपना व्यापार कर रहे हैं.
पहले खाद्यान्न का थोक व्यापार शहर में अलग-अलग स्थान से संचालित होता था. 80 के दशक में सरकार द्वारा व्यापारियों को सुविधाओं का आश्वासन देकर सभी खाद्यान्न व्यापारियों को परसुडीह मंडी में स्थानांतरित किया गया थाऔर सभी को दुकान एवं गोदाम आवंटित किए गए थे. तब से लेकर आज तक सभी खाद्यान्न व्यापारी मूलभूत सुविधाओं के अभाव में भी मंडी में अपना व्यापार संचालित कर रहे हैं.
लीज नवीनीकरण की प्रक्रिया लंबित
चैंबर उपाध्यक्ष (ट्रेड एंड कॉमर्स) अनिल मोदी ने कहा कि तब से लेकर आज तक लीज नवीनीकरण की प्रक्रिया लंबित है. समिति द्वारा अचानक से व्यापारियों को भेजे गए पट्टा नवीनीकरण के नोटिस से व्यापारियों में भय एवं असुरक्षा का माहौल पैदा हो गया है. उन्होंने कहा कि व्यापारी भी मंडी में स्टेक होल्डर है. ऐसे निर्णय व्यापारियों को विश्वास में लेकर ही किए जाने चाहिए.
चैंबर महासचिव मानव केडिया ने कहा कि कृषि उत्पादन वितरण समिति जमशेदपुर वर्तमान में अस्तित्व में नहीं है. साथ ही झारखंड राज्य कृषि विपणन बोर्ड द्वारा भी ऐसी सूचना अथवा संकल्प राज्य सरकार द्वारा सूचित नहीं किया गया है. ऐसा प्रतीत होता है कि बिना कृषि उत्पादन समिति अथवा झारखंड राज्य वितरण बोर्ड के संकल्प के उपरोक्त नोटिस जारी किए गए.

