
उदित वाणी, जमशेदपुर : सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की ओर से शनिवार, 29 नवंबर 2025 को पूर्वाह्न 10 बजे से जीएसटीआर-9 एवं 9सी विषय पर सेमिनार का आयोजन चैम्बर भवन में किया जाएगा. कार्यक्रम में डीजीजीआई के अपर निदेशक सार्थक सक्सेना, आईआरएस मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि कोलकाता से आये विशेषज्ञ सीए विकास कुमार बंका मुख्य वक्ता होंगे. इस संबंध में जानकारी सचिव अधिवक्ता अंशुल रिंगसिया ने दी.
अध्यक्ष मानव केडिया ने बताया कि जीएसटी लागू होने के बाद इसमें कई तरह की खामियां सामने आयीं, जिन्हें सिंहभूम चैम्बर लगातार संबंधित विभाग के उच्च अधिकारियों के समक्ष उठाता रहा है. समय-समय पर चैम्बर की ओर से जीएसटी से संबंधित सेमिनारों का आयोजन भी किया गया, जिनमें विशेषज्ञों ने चैम्बर भवन पहुंचकर व्यवसायी उद्यमियों को महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध कराईं, जिसका लाभ सदस्यों को मिला. उन्होंने कहा कि प्रस्तावित सेमिनार भी सदस्यों को जीएसटीआर-9 एवं 9सी के विस्तृत प्रारूप से अवगत कराने में सहायक सिद्ध होगा.
उपाध्यक्ष अधिवक्ता राजीव अग्रवाल एवं सचिव अंशुल रिंगसिया ने संयुक्त रूप से कहा कि जीएसटी लागू होने के बाद सरकार द्वारा इसमें कई सुधार किये गये, इसके बावजूद आज भी व्यवसायियों को इससे जुड़ी अनेक दिक्कतों का सामना करना पड़ता है और वे कई प्रावधानों से अनभिज्ञ रहते हैं. चैम्बर का उद्देश्य है कि व्यवसायी उद्यमियों को जीएसटी से संबंधित समस्याओं से राहत मिले और वे सरल ढंग से कर प्रणाली को अपनाकर अपना व्यवसाय ईमानदारीपूर्वक संचालित कर सकें. इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए इस सेमिनार का आयोजन किया गया है.
चैम्बर पदाधिकारियों ने सिंहभूम चैम्बर के सदस्यों एवं शहर के व्यवसायियों से अपील की है कि वे सेमिनार में अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर इसका लाभ अवश्य उठाएं.

