
उदित वाणी, जमशेदपुर : सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के द्वारा भव्य दीपावली मिलन समारोह का आयोजन मंगलवार, 04 नवंबर 2025 को संध्या 7.30 बजे से निक्को पार्क में किया जा रहा है. हर वर्ष की तरह इस बार भी चैम्बर अपने सदस्यों एवं उनके परिवारों के साथ सामूहिक मिलन और उत्सव का अवसर प्रदान करने जा रहा है, जिसमें सांस्कृतिक कार्यक्रमों और सहभोज का विशेष आकर्षण रहेगा.
चैम्बर के अध्यक्ष मानव केडिया ने बताया कि पहले दीपावली मिलन समारोह का आयोजन चैम्बर भवन में किया जाता था, लेकिन सदस्यों की बढ़ती संख्या और सक्रिय भागीदारी को देखते हुए अब इसे चैम्बर भवन से बाहर, अधिक विस्तृत और सुसज्जित स्थल पर आयोजित किया जा रहा है. इस वर्ष जुबिली पार्क स्थित निक्को पार्क में इसका आयोजन और भी भव्य स्वरूप में किया जाएगा.
अध्यक्ष ने आगे जानकारी दी कि दीपावली मिलन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय और विशिष्ट अतिथि के रूप में टाटा स्टील कॉर्पोरेट सर्विसेज के उपाध्यक्ष डी.बी. सुंदरा रामम शामिल होंगे. इसके अतिरिक्त चैम्बर के पूर्व अध्यक्षगण, उद्योग जगत से जुड़े प्रतिनिधि और शहर के अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थिति दर्ज कराएंगे.
समारोह की तैयारियों को लेकर चैम्बर के पदाधिकारी एवं कार्यसमिति सदस्य पूरी निष्ठा और उत्साह के साथ जुटे हुए हैं.
चैम्बर के उपाध्यक्ष (जनसंपर्क एवं कल्याण) अभिषेक अग्रवाल गोल्डी ने सभी सदस्यों से आग्रह किया है कि वे अपने परिवार सहित इस दीपावली मिलन समारोह में ससमय उपस्थित होकर सांस्कृतिक कार्यक्रमों और सहभोज का आनंद अवश्य उठाएं.

