
उदित वाणी, जमशेदपुर : सिंहभूम चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष श्री मानव केडिया ने माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी और रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव जी को पत्र लिखकर चक्रधरपुर (CKP Division) एवं झारसुगुड़ा डिवीजन (Jharsuguda Division) अंतर्गत दक्षिण पूर्व रेलवे (S.E. Railway) में मालगाड़ियों को रास्ता देने के लिए यात्री गाड़ियों को लंबे समय तक रोके जाने की अमानवीय प्रथा पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है.
श्री केडिया ने कहा है कि इन डिवीजनों में पिछले कुछ समय से यह प्रथा नियमित रूप से देखने को मिल रही है, जिसके कारण यात्री गाड़ियाँ घंटों-घंटों तक विलंबित रहती हैं. यह स्थिति यात्रियों, विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों, बच्चों और बीमार व्यक्तियों के लिए अत्यंत कष्टदायक और अमानवीय है. उन्होंने कहा कि ऐसे विलंब से यात्रियों की योजनाएँ प्रभावित होती हैं और रेल यात्रा का मूल उद्देश्य ही विफल हो जाता है.
उन्होंने प्रधानमंत्री से अनुरोध किया है कि संबंधित रेल अधिकारियों को निर्देशित किया जाए कि यात्री गाड़ियों को मालगाड़ियों पर प्राथमिकता दी जाए तथा ऐसी अमानवीय प्रथा को तत्काल प्रभाव से बंद किया जाए.
सिंहभूम चेंबर ने विश्वास व्यक्त किया है कि माननीय प्रधानमंत्री जी इस गंभीर विषय पर शीघ्र एवं संवेदनशील कार्रवाई करेंगे जिससे यात्रियों को राहत मिल सके.
बताया गया है कि हाल के महीनों में चक्रधरपुर और झारसुगुड़ा डिवीजनों में मालगाड़ियों के चलते ट्रेन विलंब की समस्या बढ़ी है, जिससे यात्रियों को लंबी प्रतीक्षा करनी पड़ रही है. रेलवे विकास कार्य और अन्य कारणों से भी ट्रेनों के रद्द और मार्ग परिवर्तन हो रहे हैं, जिससे परेशानी और बढ़ी है. सिंहभूम चेंबर ने इस मुद्दे को बार-बार रेलवे अधिकारियों के समक्ष उठाया है, लेकिन अभी तक पर्याप्त सुधार नहीं हुआ है. यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और समय पाबंदी सुनिश्चित करने के लिए त्वरित कदम उठाने की मांग की गई है.

