
उदित वाणी, जमशेदपुर : बाजार में रोजमर्रा के लेन-देन के दौरान खुले पैसों (सिक्कों) की किल्लत दूर करने के उद्देश्य से सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज द्वारा चलाया जा रहा निरंतर सिक्का वितरण अभियान जारी है. इसी क्रम में सोमवार को सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के सहयोग से प्राप्त 2,00,000 रुपये (दो लाख रुपये) के सिक्कों का वितरण चैंबर के सदस्यों के बीच किया गया.
चैंबर अध्यक्ष मानव केडिया ने कहा कि छोटे व्यापारियों को प्रतिदिन के लेन-देन में सिक्कों की भारी कमी का सामना करना पड़ता है, जिससे बाजार में असुविधा की स्थिति बनती है. उन्होंने बताया कि सिंहभूम चैंबर इस व्यावहारिक समस्या को गंभीरता से लेते हुए विभिन्न बैंकों के सहयोग से अभियान चला रहा है, ताकि बाजार व्यवस्था सुदृढ़ बनी रहे और व्यापारियों को सुगमता से लेन-देन में मदद मिल सके.
उपाध्यक्ष (ट्रेड एंड कॉमर्स) अनिल मोदी ने जानकारी दी कि सिक्कों की पर्याप्त उपलब्धता से न सिर्फ व्यापार में सुविधा बढ़ेगी, बल्कि बाजार से जुड़े छोटे स्तर के रोजगारों को भी मजबूती मिलेगी. उन्होंने बताया कि अब तक चैंबर की ओर से लगभग 20,00,000 रुपये (20 लाख रुपये) मूल्य के सिक्के सदस्यों के बीच वितरित किए जा चुके हैं और प्रयास है कि अधिक से अधिक व्यापारियों को इस अभियान का लाभ मिले.
सचिव (ट्रेड एंड कॉमर्स) भरत मकानी ने कहा कि चैंबर को लगातार सदस्यों से सिक्कों की मांग प्राप्त हो रही है. इसे देखते हुए आगे भी विभिन्न बैंकों के सहयोग से सिक्का वितरण अभियान को और व्यापक रूप दिया जाएगा, ताकि बाजार में खुले पैसों की समस्या का स्थायी समाधान हो सके. इस अवसर पर सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के पदाधिकारी अमित कुमार दे ने भी संबोधित करते हुए बैंक की ओर से ऐसे जनोपयोगी अभियानों में निरंतर सहयोग का आश्वासन दिया.
अभियान को सफल बनाने में चैंबर अध्यक्ष मानव केडिया, महासचिव पुनीत कांवटिया, उपाध्यक्ष (ट्रेड एंड कॉमर्स) अनिल मोदी, सचिव (ट्रेड एंड कॉमर्स) भारत मकानी, उपाध्यक्ष (टैक्स एंड फाइनेंस) राजीव अग्रवाल, उपाध्यक्ष (इंडस्ट्री) हर्ष बकरेवाल, उपाध्यक्ष (जनसंपर्क) अभिषेक अग्रवाल ‘गोल्डी’, सचिव (टैक्स एंड फाइनेंस) अंशुल रिंगसिया, सचिव (इंडस्ट्री) विनोद शर्मा, सचिव (जनसंपर्क) सुरेश शर्मा एवं कोषाध्यक्ष सीए अनिल अग्रवाल लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं.

