
सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की 74वीं आमसभा
उदित वाणी, जमशेदपुर : सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की 74वीं आमसभा चैम्बर भवन में पूर्वाह्न 9.30 बजे आरंभ हुई. अध्यक्ष विजय आनंद मूनका ने सभा में मौजूद पूर्व अध्यक्षों एवं सदस्यों का स्वागत करते हुए अपना अध्यक्षीय संबोधन दिया. उन्होंने कहा कि सिंहभूम चैम्बर जैसी संस्था के अध्यक्ष के रूप में लगातार दो सत्रों में कार्यभार संभालते हुए गौरव की अनुभूति हुई. किसी भी संस्था का इतना लंबा सफर इनके संस्थापक, पूर्व अध्यक्षों, पदाधिकारियों एवं सदस्यों की लगन और परिश्रम का परिचायक है. इस दौरान हमने उद्यम एवं व्यवसाय हित के प्रति अपने दायित्व को निष्ठा और ईमानदारी पूर्वक निभाया. अगर उनके किसी कार्य से किसी को ठेस पहुंची हो तो वे क्षमाप्रार्थी हैं. इन चार वर्षों का अध्यक्षीय कार्यकाल काफी चुनौतीपूर्ण रहा है, लेकिन पदाधिकारियों एवं सदस्यों के सहयोग, सहभागिता और दूरदर्शिता से इतिहास रचने का कार्य किया. अंत में सभी पदाधिकारियों, अध्यक्षों और सदस्यों का अभिनंदन स्वागत करते हुए धन्यवाद किया.
चैंबर का प्लैटिनम जुबिली मील का पत्थर रहा
अध्यक्ष ने कहा कि 1948 में स्थापित होकर चैंबर 1950 में रजिस्टर्ड हुआ और प्लैटिनम जुबिली तक का सफर तय किया. प्लैटिनम जुबिली के दौरान गौरवमयी कार्यक्रमों का आयोजन हुआ, जिसने चैम्बर को झारखंड राज्य ही नहीं पूरे देश में एक अलग पहचान दिलाई. चैम्बर की वर्षों पुरानी पार्किंग की समस्या को दूर करने का अथक प्रयास किया और टाटा स्टील के सहयोग से चैम्बर को अपना पार्किंग स्थल उपलब्ध हुआ. इसके अलावे जिन्होंने भी चैम्बर की समक्ष अपनी समस्याएं बताई, उन सभी का सरकारी और प्रशासनिक स्तर पर समाधान किया गया. टाटा स्टील में वेंडरों की समस्याओं को लेकर प्रोक्योरमेंट विभाग के साथ त्रैमासिक मीटिंग की परंपरा की शुरूआत हुई, जिसका लाभ अधिकांश वेंडरों को मिला. मूनका ने सदस्यों से कहा रांची में आयोजित होने वाले डिफेंस एक्सपो, कोल्हान के व्यावसायियों एवं उद्यमियों के लिए एक नया अवसर उपलब्ध कराएगा. इस एक्सपो में आप सभी अवश्य शामिल हों और इसका लाभ उठायें.
सरकार और प्रशासन के प्रति कृतज्ञता जाहिर की
विजय आनंद मूनका ने अपने कार्यकाल में मिले सहयोग और मदद के लिए सबके प्रति अपनी कृतज्ञता जाहिर की. उन्होंने सरकार के मंत्रियों, जिला के प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस प्रशासन के अधिकारियों, टाटा स्टील के उच्च अधिकारियों, कारपोरेट घरानों, मीडिया हाउस, चैम्बर सदस्यों और चैम्बर कर्मचारियों के सहयोग के लिए धन्यवाद किया. इस आमसभा एवं चुनाव का संचालन करने के लिए अध्यक्ष ने सभी चुनाव पदाधिकारियों आरके झुनझुनवाला, अधिवक्ता पीएस सेन, अधिवक्ता एसएन खंडेलवाल, अधिवक्ता राजेश मित्तल एवं दो स्कू्रटनाइजर सीए पीएन संगारी एवं सीएस शीतल स्वाईं का धन्यवाद किया.
एक साल में 70 कार्यक्रम हुए
महासचिव मानव केडिया ने बताया कि चैंबर द्वारा पिछले एक वर्ष के दौरान व्यवसाय एवं उद्योग हित के साथ आम लोगों के हित से जुड़े लगभग 70 कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें सदस्यों की सहभागिता रही. उन्होंने कहा कि इस सत्र के दौरान जो भी कार्य अधूरे रह गये हैं उसे अगले सत्र में पूरा किया जाएगा. कोषाध्यक्ष सीए अनिल रिंगसिया ने वित्तीय वर्ष 2024-25 की ऑडिट रिपोर्ट आमसभा में रखी, जिसे सर्वसम्मति से पारित किया गया.
चारों उपसमितियों के संकल्प और प्रस्ताव
व्यापार एवं वाणिज्य प्रमुख
1. कोल्हान प्रमंडल में वस्त्र उद्योग के प्रोत्साहन हेतु टेक्सटाइल पार्क की स्थापना का प्रयास. इसके लिए केन्द्र सरकार एवं संबंधित विभागों से पत्राचार कर माहौल का निर्माण करना.
2. वर्तमान वैश्विक परिदृश्य में बहुर्राष्ट्रीय कंपनियों से प्रतिस्पर्धा के लिए स्थानीय व्यापारियों को प्रोत्साहित करना एवं एआई एवं अन्य माध्यमों से व्यापारियों को प्रशिक्षित कर एक सकारात्मक माहौल का निर्माण करना.
3. कृषि उत्पादन बाजार समिति में व्यापार कर रहे व्यापारियों की समस्याओं के निराकरण एवं दुकानदारों को मालिकाना हक दिलवाने का समुचित प्रयास करना.
4. देश में जीएसटी में पंजीकृत व्यापारियों एवं उद्योगपतियों के लिए ग्रुप बीमा की व्यवस्था के लिए सरकार से पत्राचार एवं अन्य माध्यमों से वार्तालाप करना ताकि व्यापारी सामाजिक सुरक्षा के दायरे के अंतर्गत आ सके.
5. देश के अन्य राज्यों की तर्ज पर थोक वस्त्र विक्रेताओं के लिए एक वृहद सामूहिक बाजार की व्यवस्था हेतु राज्य सरकार से सरकारी दर पर जमीन आवंटन का प्रयास करना.
6. जमशेदपुर के सैरात बाजारों को आधुनिक बाजार के रूप में विकसित करना.
7. व्यापारियों के लिए व्यापारी कल्याण बोर्ड की स्थापना.
जनसंपर्क एवं कल्याण उपसामिति
1. जमशेदपुर में हवाई अड्डे के निर्माण का प्रयास
2. रांची से जयपुर के लिए सीधी उड़ान सेवा
3. टाटानगर से जयपुर के लिए सीधी ट्रेन सेवा
4. सिंहभूम की बढ़ती संख्या को देखते हुए नई जमीन की तलाश एवं निर्माण
5. कोल्हान को प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकास
6. चैम्बर सदस्यता सूची का अपडेशन एवं सदस्यता में बढ़ोतरी
वित्त एवं कराधान उपसामिति
1. जमशेदपुर संभाग में केन्द्रीय जीएसटी अपील पीठ के गठन की प्रक्रिया में तेजी लाना
2. रांची में जीएसटी अपीलीय न्यायाधिकरण के गठन हेतु प्रयास ताकि विवादों का प्रभावी निवारण हो सके और जीएसटी मामले की लंबित संख्या में कमी हो
3. पेट्रोलियम उत्पादों को जीएसटी के अंतर्गत शामिल करने के लिए केन्द्रीय जीएसटी परिषद के साथ पत्राचार करना
4. केन्द्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) के साथ टीडीएस/टीसीएस के प्रावधानों को युक्तिसंगत बनाने का मुद्दा उठाना
5. प्रत्यक्ष करों में मुकदमेबाजी को कम करने के लिए वित्त मंत्रालाय के मुद्दे को उठाना. विभागीय अपीलों के लिए मौद्रिक सीमा बढ़ाने, सीआईटी (ए) स्तर पर लंबित मामलों का तेजी से निपटान करने और फेसलेस अपील तंत्र के विस्तार की सिफारिश
उद्योग उपसामिति
1. कोल्हान में नये औद्योगिक पार्क की स्थापना का प्रयास
2. जमशेदपुर में एमएसएमई सुविधा केन्द्र की स्थापना का प्रयास करना
3. कोल्हान में रेलवे कोच निर्माण की इकाईयों की स्थापना हेतु प्रयास करना
4. आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में सड़कों की मरम्मत और चौड़ीकरण के लिए संबंधित सरकारी विभागों के माध्यम से पूरी प्रक्रिया में तेजी लाने का प्रयास

