
उदित वाणी, जमशेदपुर : मारवाड़ी युवा मंच स्टील सिटी टाटानगर शाखा द्वारा आयोजित सम्मान समारोह सह मंच परिचर्चा कार्यक्रम अत्यंत गरिमामय एवं प्रेरणादायी वातावरण में संपन्न हुआ. यह आयोजन शाखा के लिए गौरव का विषय रहा, जिसमें संगठन के वरिष्ठ एवं युवा नेतृत्व की प्रेरक झलक देखने को मिली. कार्यक्रम के मुख्य वक्ता पूर्व अध्यक्ष अरुण गुप्ता ने मंच से मारवाड़ी युवा मंच में अपने युवा मंचीय सफर को साझा किया. उन्होंने संगठन से जुड़े अपने अनुभवों, संघर्षों एवं उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि किस प्रकार मंच ने उन्हें सेवा, नेतृत्व एवं सामाजिक दायित्वों की सीख दी.
उनकी बातें उपस्थित युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत रहीं. इस अवसर पर युवा सार्थक अग्रवाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि प्रांतीय अध्यक्ष के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान उन्हें युवा अरुण गुप्ता से हर स्तर पर पूर्ण सहयोग, मार्गदर्शन एवं समर्थन प्राप्त हुआ. उन्होंने अरुण गुप्ता के संगठन के प्रति समर्पण एवं सकारात्मक सोच की सराहना करते हुए उन्हें एक सशक्त नेतृत्वकर्ता बताया. कार्यक्रम में उपस्थित सदस्यों एवं पदाधिकारियों ने वक्ताओं के विचारों की भूरी-भूरी प्रशंसा की. यह आयोजन स्टील सिटी शाखा की एकजुटता, संगठनात्मक मजबूती एवं युवा नेतृत्व के विकास का सशक्त उदाहरण बना.

