
* सितंबर के पहले हर कर्मचारी को एरियर के रूप में दो लाख रूपए मिलेगा
उदित वाणी, जमशेदपुर : जेसीएपीसीपीएल का एक जनवरी 2024 से लंबित ग्रेड बुधवार को हो गया. इस पर जेसीएपीसीपीएल प्रबंधन और जेसीएपीसीपीएल वर्कर्स यूनियन के बीच समझौता हुआ. समझौता के तहत हर कर्मचारी के वेतन में मासिक 14 हजार रूपए की बढ़ोतरी हुई है. सात साल के लिए हुए इस समझौते की मियाद एक जनवरी 2024 से लेकर 31 दिसंबर 2030 तक होगी. कर्मचारियों को सितंबर के पहले एरियर का भुगतान हो जाएगा. हर कर्मचारी को दो लाख के करीब एरियर मिलेगा. समझौते में एक जनवरी 2024 को बेसिक में 100 फीसदी डीए को मर्ज कर दिया गया है.
यही नहीं समझौते में कर्मचारियों के लिए तीन नए ग्रेड भी बनाए गए है. समझौता पर प्रबंधन की ओर से एमडी ए नामोक, सीएचआरओ एके सिंह, एजीएम एचआर तौसीफ, सीएफओ प्रवीण हेगड़े और यूनियन की ओर से अध्यक्ष आर रवि प्रसाद, वर्किंग प्रेसीडेंट शाहनवाज आलम, जेनरल सेक्रेटरी रवि कुमार, वाइस प्रेसीडेन्ट पंकज सिंह, कृष्ण मोहन सिंह, कोषाध्यक्ष चिरंजीवी, संजीव महतो, प्रदूम्न, मदन लाल और अखिलेश ने हस्ताक्षर किया.
इन भत्तों में हुई बढ़ोतरी
1. हरेक माह कन्वेंस एलाउंस में 1200 रूपए की बढ़ोतरी
2. हरेक माह पर्सनल एलाउंस में 2170 रूपए की बढ़ोतरी
3. हरेक माह वाशिंग एलाउंस में 1700 रूपए की बढ़ोतरी
4. नाइट एलाउंस में 80 रूपए से लेकर 100 रूपए तक की बढ़ोतरी
5. हरेक ब्लॉक ईअर में एलटीए को 22000 से बढ़ाकर 28000 कर दिया गया है
6. पहली बार एजुकेशन एलाउंस शुरू किया गया है, जो हरेक माह 1300 रूपए मिलेगा
7. इंडिविडुअल रिवार्ड सिस्टम लागू किया गया है, जो हर कर्मचारी को प्रत्येक माह 1500 रूपए मिलेगा

