
उदित वाणी, जमशेदपुर : नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, जमशेदपुर की 57 वीं बैठक 22 दिसंबर को सीएसआईआर-राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला के व्याख्यान-कक्ष में सम्पन्न हुई. इसमें नगर भर के सरकारी कार्यालयों के 60 आला अधिकारियों ने भाग लिया. इस बैठक में जमशेदपुर, चाईबासा एवं सरायकेला-खरसावां जिले में स्थित भारत सरकार के सभी केन्द्रीय कार्यालयों, सार्वजनिक उपक्रमों, स्वायतशासी निकायों एवं सभी बैंकों के शीर्ष अधिकारियों ने राजभाषा हिन्दी के प्रभावी कार्यान्वयन के लिये एक साथ बैठकर विचार मंथन किया.
विचार-मंथन बैठक में सभी कार्यालय प्रमुखों ने अपने-अपने कार्यालय में राजभाषा हिन्दी के प्रचार-प्रसार के लिए किए जाने वाले कार्यों का विस्तृत लेखा-जोखा पेश किया. सीएसआईआर-राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला, जमशेदपुर के निदेशक सह अध्यक्ष, डॉ. संदीप घोष चौधरी ने कहा कि नराकास जमशेदपुर द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर हिंदी संगोष्ठी का आयोजन तथा सालों भर नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति के सहयोग से कार्यशालाओं, सांस्कृतिक एवं साहित्यिक तथा वैज्ञानिक गोष्ठियों का आयोजन नराकास की महत्वपूर्ण उपलब्धि रही है. भारत सरकार के दिशानिर्देश में विभिन्न मंत्रालयों तथा विभागों में भी राजभाषा हिन्दी तथा सभी भारतीय भाषाओं के विकास के लिए कार्य किए जा रहे हैं.

