
मुंबई: भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) द्वारा रेपो रेट में 50 आधार अंकों की कटौती करने के बाद देश के कई प्रमुख बैंकों ने अपने लोन उत्पादों पर ब्याज दरें घटा दी हैं. इसमें पंजाब नेशनल बैंक (PNB), बैंक ऑफ इंडिया और यूको बैंक जैसे नाम शामिल हैं.
पीएनबी ने सबसे पहले दिया राहत का तोहफा
पंजाब नेशनल बैंक ने रेपो आधारित अपनी लेंडिंग दर को 8.85% से घटाकर 8.35% कर दिया है. यह कटौती रेपो रेट में की गई कमी का सीधा लाभ ग्राहकों को देने के उद्देश्य से की गई है. हालांकि, बैंक ने बेस रेट और मार्जिनल कॉस्ट ऑफ लेंडिंग रेट (MCLR) में कोई बदलाव नहीं किया है.
बैंक ऑफ इंडिया भी शामिल हुआ राहत देने वालों में
बैंक ऑफ इंडिया ने भी अपनी रेपो-आधारित लेंडिंग रेट को 8.85% से घटाकर 8.35% कर दिया है. इससे होम, ऑटो और पर्सनल लोन जैसे उत्पादों की ब्याज दरों में कमी आएगी.
यूको बैंक ने अपनाया अलग रास्ता
यूको बैंक ने सभी लोन अवधियों के अपने एमसीएलआर में 10 आधार अंकों की कटौती की है, जो 10 जून से प्रभावी होगी.
नए एमसीएलआर इस प्रकार हैं:
ओवरनाइट: 8.25% से घटाकर 8.15%
एक माह: 8.45% से घटाकर 8.35%
तीन माह: 8.60% से घटाकर 8.50%
छह माह: घटाकर 8.80%
एक वर्ष: घटाकर 9.00%
बैंक ऑफ बड़ौदा ने भी की कटौती की घोषणा
बैंक ऑफ बड़ौदा ने भी कुछ चुनिंदा लोन अवधियों पर रेपो-लिंक्ड दरों में 50 आधार अंकों की कमी की घोषणा की है. इससे ग्राहकों को और अधिक राहत मिलने की उम्मीद है.
रेपो रेट अब 5.5% पर, सीआरआर में भी राहत
आरबीआई के गवर्नर संजय मल्होत्रा ने शुक्रवार को रेपो रेट को 6% से घटाकर 5.5% करने का ऐलान किया. यह कदम आर्थिक वृद्धि को गति देने के उद्देश्य से उठाया गया है. साथ ही, सीआरआर (कैश रिजर्व रेश्यो) में भी 100 आधार अंकों की कटौती की घोषणा की गई है. यह कटौती चार चरणों में 6 सितंबर, 4 अक्टूबर, 1 नवंबर और 29 नवंबर से लागू होगी – प्रत्येक में 25 आधार अंकों की.
(IANS)

