
उदित वाणी, जमशेदपुर : राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला (एनएमएल) जमशेदपुर 26 नवम्बर बुधवार को अपनी स्थापना का 75 साल पूरा होने जा रहा है. देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू ने 26 नवम्बर 1950 को इस प्रयोगशाला का उदघाटन किया था. सीएसआईआर की इस प्रयोगशाला को उन्होंने अधुनिक भारत का मंदिर बताया था, जो भारत को विज्ञान और अनुसंधान में आगे ले जाएगा.
75 साल पूरा होने पर आयोजित प्लैटिनम जुबिली समारोह में हिस्सा लेने बुधवार को सीएसआईआर की महानिदेशक (डीजी) और वैज्ञानिक और औद्योगिक अनुसंधान विभाग की सचिव डॉ.एन.कलासेल्वी जमशेदपुर पहुंच रही है. समारोह सुबह साढ़े नौ बजे शुरू होगा.
सबसे पहले डीजी एनजीएचएम के तहत एक टेस्ट एवं इंफ्रास्ट्रक्चर फैसिलिटी की नींव रखेगी. इसके बाद साढ़े दस बजे से प्लैटैनिम जुबिली समारोह का आयोजन होगा, जिसको वे संबोधित करेंगी. मौके पर वे संस्थान के शोधार्थियों को सम्मानित करेंगी. सीएसआईआर-एनएमएल के निदेशक डॉ. संदीप घोष चौधरी ने कहा कि प्रयोगशाला के सफर में 75 साल पूरा होना एक मील का पत्थर है.
