
उदित वाणी, जमशेदपुर : सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के चैम्बर भवन के बगल में स्थित कार पार्किंग स्थल का उदघाटन गुरुवार शाम को टाटा स्टील के उपाध्यक्ष (कार्पोरेट सर्विसेस) डीबी सुंदरा रामम ने किया. मौके पर चीफ कारपोरेट सर्विसेस प्रणय सिन्हा, चैम्बर अध्यक्ष विजय आनंद मूनका और लैंड विभाग के हेड अमित सिंह भी मौजूद थे. उन्होंने संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं नारियल तोड़कर पार्किंग स्थल का उद्घाटन किया.
मुख्य अतिथि डीबी सुंदरा रामम ने कहा कि किसी भी संस्था के लिए अपना प्लैटिनम जुबिली मनाना एक बहुत बड़ी उपलब्धि है. चैम्बर की बुनियाद बहुत मजबूत रही है इसमें चैम्बर के पूर्व अध्यक्षों एवं सदस्यों का योगदान रहा है. सभी को साथ लेकर चलने की संस्कृति एवं प्रवृति इसे और भी मजबूती प्रदान करती है. उन्होंने कहा कि चैम्बर व्यवसायी एवं उद्यमी हित में कार्य कर रही है और टाटा स्टील का भी यही उद्देश्य रहा है. चूंकि दोनों का उद्देश्य और दृष्टिकोण एक है. इसलिए चैम्बर और टाटा स्टील साथ मिलकर इस क्षेत्र में कार्य करते हुए आगे बढ़ेंगे. जमशेदपुर के विकास में भी दोनों इसी दृष्टिकोण को लेकर कार्य करेंगे. उन्होंने कहा कि वाहनों के लिए पार्किंग स्थल का न होना किसी के लिए भी परेशानी का कारण होता है. हमने चैम्बर की इस समस्या को देखते हुए पार्किंग स्थल का चयन कर पार्किंग स्थल चैम्बर को उपलब्ध कराया है. अब चैम्बर के कार्यक्रमों में आने वाले सदस्यों को पार्किंग के लिए समस्या नहीं होगी.

टाटा स्टील का हमेशा सहयोग मिला है-अध्यक्ष
चैंबर अध्यक्ष विजय आनंद मूनका ने कहा कि सिंहभूम चैम्बर की पार्किंग की परेशानियों को देखते हुए टाटा स्टील ने पार्किंग स्थल उपलब्ध कराया है. इसके लिए हम उनका आभार प्रकट करते हैं. हम टाटा स्टील के प्रबंध निदेशक सह ग्लोबल सीईओ टीवी नरेन्द्रन, मुख्य अतिथि टाटा स्टील के उपाध्यक्ष कारपोरेट सर्विसेस डीबी सुंदरा रामम, चीफ कारपोरेट सर्विसेस प्रणय सिन्हा एवं लैंड विभाग के हेड अमित सिंह को धन्यवाद देते हैं कि इनके सहयोग से चैंबर को यह पार्किंग स्थल उपलब्ध हो सका. टाटा स्टील के पूर्व उपाध्यक्ष कारपोरेट सर्विसेस चाणक्य चौधरी का भी शुक्रगुजार हैं जिन्होंने इस कार्य को आगे बढ़ाया था. यह पार्किंग स्थल उस वक्त मिल रहा है, जब हम हम चैम्बर का प्लैटिनम जुबिली मना रहे हैं. मूनका ने कहा कि चैम्बर ने हमेशा व्यवसाय और व्यावसायिक हित एवं विकास को आगे रखकर कार्य किया है और आगे भी इस पर कार्य करेगा. टाटा स्टील का सहयोग हमें हमेशा प्राप्त हुआ है.
कार्यक्रम का संचालन एवं विषय प्रवेश उपाध्यक्ष पुनीत कांवटिया ने किया तथा कहा कि आज का दिन ऐतिहासिक है और आने वाले दशकों तक इस दिन को चैम्बर सदस्य याद रखेगा. सचिव भरत मकानी, विनोद शर्मा, कोषाध्यक्ष सीए अनिल रिंगसिया ने उपस्थित अतिथियों का पुष्प गुच्छ देकर सम्मानित किया. अंत में सचिव अंशुल रिंगसिया ने धन्यवाद ज्ञापन किया. इस अवसर पर संदीप मुरारका, मनोज गोयल, जगदीश खंडेलवाल, सतीश सिंह, सुमन नागेलिया, सांवरमल अग्रवाल साकची, नवलकिशोर वर्णवाल, बजरंगलाल अग्रवाल गोलमुरी, सौरव संघी सन्नी, दीपक चेतानी, कमलकिशोर लड्ढा, सूरज भदानी, परांजल सरावगी, प्रकाश मोदी, राहुल चैधरी, रोहित गोयल, गोविन्द अग्रवाल, सुनील जवानपुरिया, दिलीप गोयल, विजय शर्मा, प्रतीक अग्रवाल आदि उपस्थित थे.

