
उदित वाणी, जमशेदपुर : इस त्योहारी सीजन में व्यवसाय में ऑनलाइन के बढ़ते दखल को रोकने और स्थानीय व्यापार को प्रोत्साहित करने के लिए शुक्रवार को सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के तत्वावधान में चलो चलें बाजार अभियान की शुरूआत की गई. इस अभियान का उदेद्श्य प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के विजन वोकल फॉर लोकल अभियान को समर्थन करना है. अभियान के पहले चरण में इससे संबंधित पोस्टर का विमोचन चैम्बर भवन में किया गया. इस अवसर पर लोगों को संबोधित करते हुए अध्यक्ष विजय आनंद मूनका ने कहा कि सिंहभूम चैम्बर व्यवसाय एवं उद्योग के उत्थान हेतु सदैव प्रयासरत है. उन्होंने कहा कि ऑनलाइन व्यापार से परंपरागत व्यवसाय बुरी तरह से प्रभावित हो रहा है. ऑनलाइन व्यापार के कारण लोग आकर्षक छूट की लालच में घर बैठे सामान मंगवा रहे हैं एवं बाजार से भी विमुख हो रहे हैं. बाजार वीरान हो रहे हैं और व्यापारी हताश हैं. उन्होंने कहा कि बाजारों की रौनक लौटाने की एक कोशिश है चलो चले बाजार अभियान.
चुनौतियों से जूझ रहा है परंपरागत व्यवसाय
चैंबर उपाध्यक्ष व्यापार एवं वाणिज्य अनिल मोदी ने कहा कि आज परंपरागत व्यवसाय विभिन्न चुनौतियों से जूझ रहा है, जिसमें ऑनलाइन प्रमुख है. आज बाजारों से विमुख होते युवा वर्ग एवं अन्य वर्गों को बाजार से जोड़ने एवं बाजारों की रौनक बढ़ाने हेतु सिंहभूम चैम्बर द्वारा इस अभियान की शुरूआत की जा रही है. पहले चरण में अभियान से संबंधित पोस्टर का विमोचन किया गया. यह पोस्टर शहर के प्रमुख बाजारों में लगाये जाएंगे. शहर की प्रमुख रिहायशी कॉलोनियों में भी इस पोस्टर को लगाया जाएगा. इसके अलावा वीडियो बनाकर एवं ऑडियो क्लिप के माध्यम से भी लोगों को बाजार जाकर खरीददारी करने हेतु प्रोत्साहित किया जायेगा.
सेल्फी स्टैंड के साथ फोटो क्लिक कर सोशल मीडिया पर अपलोड करें
मानद महासचिव मानव केडिया ने मंच संचालन करते हुए कहा कि बाजार में खरीददारी करने वाले परिवारों से आग्रह किया जाएगा कि वे सेल्फी स्टैंड के साथ अपनी फोटो क्लिक करके अपने- अपने सोशल मीडिया में अपलोड करें ताकि बाकी लोग भी बाजार जाकर खरीददारी करने हेतु प्रोत्साहित हो सके. उन्होंने नगरवासियों से आग्रह किया कि इस अभियान में शामिल होकर सुख-दुख में शामिल रहने वाले स्थानीय व्यापारियों का मनोबल बढ़ायें.
अर्थव्यवस्था की जान है व्यापारी
व्यापार मंडल के अध्यक्ष दीपक भालोटिया ने कहा कि स्थानीय व्यापारी अर्थव्यवस्था की जान है और बाजार की शान है. स्थानीय बाजारों में खरीददारी से न सिर्फ स्थानीय व्यापार में वृद्धि होगी अपितु त्योहारों की सार्थकता भी सिद्ध होगी.जमशेदपुर डिस्ट्रब्यूटर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष जुगल किशोर महेश्वरी ने कहा कि यह अभियान लोगों को आपस में भावनात्मक रूप से जोड़ने का माध्यम भी बनेगा. उन्होंने आम लोगों के साथ- साथ व्यापारियों से भी अपील की कि वे भी सपरिवार बाजार जाकर खरीदारी करें, तभी इस अभियान की सार्थकता सिद्ध होगी.ज्वेलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष विपिन भाई अडेसरा ने कहा कि इस कार्यक्रम से निश्चित तौर पर समाज में जागरूकता आएगी और लोग बाजारों की ओर उन्मुख होंगे. सचिव भरत मकानी ने कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन किया.

