
उदित वाणी, चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोंटो थाना क्षेत्र अंतर्गत सेरेंगसिया गांव में गुरुवार को एक विशालकाय हाथी की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग में हड़कंप मच गया. विभाग के अधिकारी, वनकर्मी और डॉक्टरों की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई.
स्थानीय लोगों के अनुसार, हाथी की मौत करंट लगने या जहरीला पदार्थ खाने से हो सकती है. हालांकि, वन विभाग ने अभी तक किसी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. मौत के पीछे के कारणों की सटीक जानकारी पोस्टमार्टम और जांच रिपोर्ट के बाद ही सामने आ पाएगी.
सारंडा में घायल हाथी ने इलाज के दौरान दम तोड़ा
इसी दिन सारंडा जंगल में मंगलवार को मिले एक घायल हाथी की भी इलाज के दौरान मौत हो गई. घायल हाथी को ओडिशा से आई वाइल्डलाइफ विशेषज्ञ टीम, वन विभाग और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से तीन घंटे की मेहनत के बाद जंगल से सड़क के किनारे लाया गया था. ट्रैंकुलाइज़ करने के बाद उसका इलाज शुरू हुआ, लेकिन आधे घंटे के भीतर ही उसने दम तोड़ दिया.
इलाज कर रहे डॉक्टरों के अनुसार, हाथी की स्थिति पहले से ही नाजुक थी. लंबे समय से घायल होने और अत्यधिक रक्तस्राव के चलते उसकी जान नहीं बचाई जा सकी. मामले में विस्तृत जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने के बाद मिलेगी.

