
उदित वाणी, चाईबासा : संयुक्त यूनियन, बेरोजगार संघ तथा सेवानिवृत्त कर्मियों के प्रतिनिधिमंडल ने सेल गुवा के नव पदस्थापित मुख्य महाप्रबंधक सी. बी. कुमार को पदभार ग्रहण करने पर गुलदस्ता भेंट कर शिष्टाचार भेंट की तथा बधाई दी. इस अवसर पर संगठन के प्रतिनिधियों ने गुवा सेल से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों जैसे मजदूरों की समस्याएँ, स्थायी रोजगार की माँग, सेवानिवृत्त कर्मियों के बकाया भुगतान, आवास मरम्मत कार्य तथा स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने जैसे विषयों पर चर्चा की. प्रतिनिधियों ने कहा कि वर्षों से लंबित मांगें पूरी न होने के कारण कर्मचारी वर्ग में नाराजगी है.

सी. बी. कुमार ने सभी मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए स्थायी औद्योगिक शांति, कर्मचारियों के कल्याण तथा सेल गुवा के समग्र विकास की प्रतिबद्धता जताई. उन्होंने उपस्थित प्रतिनिधियों को आश्वासन दिया कि उठाए गए सभी विषयों पर शीघ्र कार्रवाई की जाएगी और समस्याओं को समाधान देने का हर संभव प्रयास किया जाएगा. बैठक में संयुक्त यूनियन, बेरोजगार संघ एवं सेवानिवृत्त कर्मियों के कई पदाधिकारी उपस्थित थे, जिन्होंने नए सीजीएम सी. बी. कुमार के नेतृत्व पर भरोसा जताया और उम्मीद की कि उनके नेतृत्व में गुवा सेल में सकारात्मक बदलाव आएगा तथा मजदूर-प्रबंधन संबंध मजबूत होंगे.

