
उदित वाणी, चाईबासा : कमीशन की बकाया राशि सहित सात सूत्री मांगों को लेकर फेयर प्राईस शॉप डीलर्स एसोसिएशन झारखंड के बैनर तले जन वितरण प्रणाली दुकानों के डीलरों द्वारा शुक्रवार को पूरे झारखंड में धरना प्रदर्शन किया गया. चाईबासा में भी जिले के सभी 18 प्रखंडों के राशन डीलरों ने चाईबासा अनुमंडल कार्यालय के सामने धरना प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री के नाम उपायुक्त को मांग पत्र सौंपा. कमीशन की राशि भुगतान नहीं किए जाने से पश्चिमी सिंहभूम जिले के सभी 1215 राशन डीलरों में खासा आक्रोश दिखाई दे रहा है. पूरे झारखंड राज्य में 25270 राशन डीलर हैं.
कुछ जिलों में थोड़ी राशि का आवंटन हुआ है, लेकिन ज्यादातर जिलों में अब तक भुगतान लंबित है. राशन डीलरों कहना है कि करीब 18 महीने की कमीशन की राशि और कोरोना काल की कमीशन की राशि का भुगतान सरकार द्वारा अब तक नहीं किया गया है. जबकि वह लगातार जनता की सेवा के लिए खाद्यान्न की आपूर्ति करने का काम कर रहे हैं. अपने खर्चे पर खाद्यान्न का उठाव कर रहे हैं और वितरण कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं पर कोई ध्यान नहीं दे रही है. राशन डीलरों का आरोप है कि इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन की रिपेयरिंग के नाम पर गरीब विक्रेताओं से 1700 से 2200 रुपए जबरन वसूल किया जा रहा है.
जबकि वही काम अपने स्तर पर करने से 200 से 300 में हो जा रहा है. राशन डीलरों का कहना है कि एक और जहां 5G का जमाना आ गया है वही जिस ई-पोश मशीन से खाद्यान्न वितरण कराया जा रहा है वह 2G नेटवर्क है. इस खासतौर पर परेशानी हो रही है. जिला अध्यक्ष कृष्णा कालिंदी ने कहा कि यदि सरकार अब भी हमारी मांगों पर कोई सकारात्मक पहल नहीं करती है तो मजबूरन हम सबको अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाना पड़ेगा.

