
उदित वाणी, चाईबासा : चाईबासा जिला पुलिस और कोबरा 209 बटालियन की संयुक्त टीम को सारंडा के घने जंगलों में चलाए जा रहे सर्च ऑपरेशन में बड़ी सफलता मिली है. शुक्रवार को छोटानागरा थाना क्षेत्र में नक्सलियों के पांच बंकरों का भंडाफोड़ कर उन्हें नष्ट कर दिया गया.
मिली थी गुप्त सूचना, 8 जुलाई से चला सर्च अभियान
पुलिस को 7 जुलाई को सूचना मिली थी कि छोटानागरा थाना क्षेत्र के जंगलों में भाकपा (माओवादी) के नक्सलियों ने गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री छुपा रखी है. इसी के आधार पर 8 जुलाई से जिला पुलिस और कोबरा बटालियन ने संयुक्त सर्च ऑपरेशन शुरू किया.
बंकरों से बरामद हुआ खतरनाक सामान
11 जुलाई को अभियान के दौरान जंगल में पांच नक्सली बंकर बरामद हुए. इन बंकरों से सुरक्षाबलों ने इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, वॉकी-टॉकी सेट, सेफ्टी फ्यूज, ऐरो बम असेंबली, इलेक्ट्रिक वायर, सिरिंज मैकेनिज्म, यूनिफॉर्म, एम्युनिशन पाउच और अन्य दैनिक उपयोग की सामग्रियां जब्त कीं.
दो आईईडी विस्फोटक भी मिले, मौके पर ही किया गया नष्ट
बंकरों के पास से दो आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) भी बरामद किए गए. सुरक्षा के दृष्टिकोण से बम निरोधक दस्ते ने उन्हें मौके पर ही नष्ट कर दिया. पुलिस का मानना है कि यह इलाका नक्सलियों की सक्रियता का केंद्र रहा है और हालिया गतिविधियां फिर से उनकी मौजूदगी का संकेत देती हैं.

