
उदित वाणी, चाईबासा : नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे राज्यव्यापी अभियान में सुरक्षाबलों को एक और सफलता मिली है. झारखंड जगुआर, सीआरपीएफ 60 बटालियन और चाईबासा एवं सरायकेला-खरसावां पुलिस की संयुक्त टीम ने चाईबासा और सरायकेला खरसावां के सीमावर्ती जंगलों में सर्च अभियान के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाए गए 14 आईईडी बम, देशी हैंड ग्रेनेड, अमोनियम नाइट्रेट पाउडर, पटाखा पाउडर, स्टील कंटेनर बरामद की है.

बरामद आईईडी का वजन लगभग 2-2 किलोग्राम था, जिन्हें मौके पर ही बम निरोधक दस्ते ने नष्ट कर दिया. चाईबासा पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर प्रतिबंधित भाकपा माओवादी नक्सली संगठन के उग्रवादियों के लिए चाईबासा के टोकलो थाना क्षेत्र और सरायकेला-खरसावां जिले के कुचाई थाना क्षेत्र के सीमावर्ती जंगली और पहाड़ी इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाया गया. इस दौरान सुरक्षा बलों को निशाना बनाने के मकसद से रखे गए विस्फोटकों को सुरक्षाबलों ने बरामद किया.

