
उदित वाणी, चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले में गृह रक्षक के नव नामांकन हेतु शारीरिक जांच और लिखित परीक्षा के लिए जिला स्कूल मैदान, चाईबासा को परीक्षा स्थल के रूप में निर्धारित किया गया है. यह मैदान चाईबासा रेलवे स्टेशन के समीप स्थित है.
20 जुलाई से 3 अगस्त 2025 तक, 15 दिनों तक प्रत्येक सुबह 6:00 बजे से प्रखंडवार परीक्षा आयोजित की जाएगी.
1156 पदों के लिए 15,399 आवेदन
गृह रक्षक की कुल 1156 रिक्तियों के विरुद्ध 15,399 आवेदन प्राप्त हुए हैं. इनमें 987 ग्रामीण गृह रक्षक तथा 169 शहरी गृह रक्षक पद शामिल हैं. शहरी श्रेणी में 431 नॉन-टेक्निकल और 118 टेक्निकल पदों के लिए भी आवेदन आए हैं.
उपायुक्त व पुलिस अधीक्षक ने की ब्रीफिंग
परीक्षा व्यवस्था को लेकर शुक्रवार को जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री चंदन कुमार और पुलिस अधीक्षक श्री राकेश रंजन की उपस्थिति में ब्रीफिंग सत्र आयोजित हुआ.
सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को परीक्षा प्रक्रिया की जानकारी दी गई. उपायुक्त ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया को तकनीकी रूप से पारदर्शी बनाने के लिए एडमिट कार्ड पहले ही जारी कर दिए गए हैं.
क्या लाना है, क्या नहीं?
अभ्यर्थी किसी भी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस या प्रतिबंधित सामग्री को परीक्षा केंद्र में नहीं ला सकेंगे. प्रवेश केवल सुबह 6:00 से 11:00 बजे तक ही मान्य होगा. प्रवेश के बाद सबसे पहले रजिस्ट्रेशन स्टॉल पर दस्तावेज जांच, उंगली पर अमिट स्याही, और बैच गठन (प्रत्येक बैच में 200 अभ्यर्थी) की प्रक्रिया पूरी की जाएगी. मीडिया प्रतिनिधियों को भी आयोजन स्थल हेतु पहचान पत्र जारी किए जाएंगे.
5 ज़ोन में बांटा गया परीक्षा क्षेत्र
जिला स्कूल मैदान को पांच ज़ोन में बांटा गया है:
पहला ज़ोन – दस्तावेज जांच, चेस्ट नंबर, स्याही मार्किंग, चीप टैगिंग.
दूसरा ज़ोन – 1600 मीटर दौड़ (5 चक्कर) और परिणाम.
तीसरा ज़ोन – ऊंची/लंबी कूद, गोला फेंक और परिणाम.
चौथा ज़ोन – सीना मापी (केवल पुरुष) व ऊंचाई माप.
पांचवां ज़ोन – श्रुतिलेखन (डिक्टेशन) परीक्षा.
हर ज़ोन में असफल अभ्यर्थी केंद्र से बाहर निकल जाएंगे, जबकि सफल उम्मीदवार अगले चरण में प्रवेश कर सकेंगे.
ट्रायल रन भी किया गया
ब्रीफिंग के उपरांत परीक्षा की समस्त गतिविधियों का ट्रायल रन भी किया गया.
इसमें डमी उम्मीदवारों के रजिस्ट्रेशन, दस्तावेज जांच, दौड़ की टाइमिंग, चीप टैगिंग आदि प्रक्रियाएं सफलतापूर्वक संपन्न की गईं.
वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति
इस ब्रीफिंग एवं ट्रायल सत्र में उप विकास आयुक्त श्री संदीप कुमार मीणा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (अभियान) श्री पारस राणा, अपर उपायुक्त श्री प्रवीण केरकेट्टा, जिला नजारत उप समाहर्ता श्री देवेंद्र कुमार, गोपनीय प्रभारी श्री कुमार हर्ष, जिला गृह रक्षक कमांडेंट, सार्जेंट मेजर सहित अन्य पदाधिकारी व कर्मी मौजूद रहे.

