
उदित वाणी, चाईबासा: सीआरपीएफ के महानिदेशक ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह नक्सल अभियान की समीक्षा के लिए शुक्रवार को चाईबासा पहुंचे. उन्होंने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया और इसके बाद अपराह्न करीब तीन बजे चाईबासा समाहरणालय पहुंचे. इस दौरान उनके साथ राज्य स्तर के पुलिस अधिकारी और सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे.
नक्सल प्रभावित क्षेत्र का किया दौरा
चाईबासा पहुंचने के बाद डीजी ने पश्चिमी सिंहभूम जिले के नक्सल प्रभावित इलाकों का दौरा किया. इसके बाद समाहरणालय सभागार में सीआरपीएफ और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई. बैठक में क्षेत्र में चल रहे नक्सल उन्मूलन अभियान की विस्तृत समीक्षा की गई.
बैठक में दिए विशेष निर्देश
समीक्षा बैठक के दौरान ऑपरेशन एरिया के सभी कमांडेंट, अधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों को अभियान को लेकर विशेष दिशा-निर्देश दिए गए. अधिकारियों के साथ रणनीतिक पहलुओं पर चर्चा करते हुए अभियान को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया.
47 दिन में दूसरी बार चाईबासा पहुंचे डीजी
सीआरपीएफ के डीजी का यह 47 दिनों के भीतर चाईबासा का दूसरा दौरा है. इससे पहले वह 19 जनवरी को चाईबासा आए थे. इसके पूर्व 10 सितंबर को भी उन्होंने जिले का दौरा किया था. लगातार हो रहे इन दौरों को नक्सल विरोधी अभियान की निगरानी और मजबूती से जोड़ा जा रहा है.
मार्च 2026 तक झारखंड को नक्सल मुक्त बनाने का लक्ष्य
सरकार और सुरक्षा बल मार्च 2026 तक झारखंड को नक्सल मुक्त बनाने के लक्ष्य के साथ कार्य कर रहे हैं. इसी उद्देश्य से वरिष्ठ अधिकारी लगातार नक्सल प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं और अभियान की प्रगति की समीक्षा कर रहे हैं.
पुलिस अधीक्षक ने दी जानकारी
पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक अमित रेनू ने बताया कि क्षेत्र भ्रमण के साथ डीजी सीआरपीएफ ने जिला और राज्य के अधिकारियों के साथ बैठक कर नक्सल उन्मूलन अभियान की गहन समीक्षा की. उन्होंने बताया कि अभियान को लेकर कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए हैं और सुरक्षा बल निर्धारित लक्ष्य की दिशा में लगातार कार्य कर रहे हैं.
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में एडीजी (ऑपरेशन) सीआरपीएफ वितुल कुमार, आईजी झारखंड सेक्टर सीआरपीएफ साकेत कुमार सिंह, आईजीपी (ऑपरेशन) झारखंड पुलिस डॉ. माइकल राज एस, डीआईजी कोल्हान अनुरंजन किस्पोट्टा, डीआईजी (ऑपरेशन) रेंज चाईबासा विनोद कार्तिक, डीआईजी (ऑपरेशन) रेंज पलामू पंकज कुमार, एसओ डीजी सतेंद्र कुमार सिंह, डीआईजी (ऑपरेशन) रेंज बोकारो अमित कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक चाईबासा अमित रेनू, कमांडेंट झारखंड सेक्टर आनंद कुमार जेराई, कमांडेंट 203 कोबरा, कमांडेंट 209 कोबरा, 2-1/सी11 बटालियन सीआरपीएफ रतिंद्र चरण मिश्रा, कमांडेंट 154 बटालियन, 172 बटालियन, 26 बटालियन, 60 बटालियन, 134 बटालियन, 174 बटालियन, 193 बटालियन, 197 बटालियन सहित कई अधिकारी मौजूद थे.

