
उदित वाणी, चाईबासा : चाईबासा शहर के लोग इन दिनों आवारा कुत्तों की दहशत में जी रहे हैं. हर गली, हर मोहल्ले में कुत्तों के झुंड खुलेआम घूमते नजर आ रहे हैं, जिससे आमजन खासकर बच्चे और बुजुर्ग असुरक्षित महसूस कर रहे हैं.
झुंड बनाकर कर रहे हमला, मोहल्लों में दहशत का माहौल
शहर के गांधी टोला समेत कई इलाकों में हाल के दिनों में कुत्तों द्वारा हमला करने की घटनाएं सामने आई हैं. हालात ऐसे हैं कि लोग शाम ढलते ही घरों से बाहर निकलने में डरने लगे हैं. डॉग बाइट के मामलों की संख्या लगातार बढ़ रही है और अब यह शहरवासियों के लिए गंभीर समस्या बन चुकी है.
प्रशासन तक पहुंची शिकायतें, फिर भी नहीं हो रही कार्रवाई
स्थानीय लोग कई बार जिला प्रशासन और नगर परिषद से इन कुत्तों को पकड़ने की गुहार लगा चुके हैं. लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हो सकी है. नगर क्षेत्र में कुत्तों की संख्या में अप्रत्याशित वृद्धि देखी जा रही है.
बच्चों और बुजुर्गों पर सीधा निशाना
इन आवारा कुत्तों का सबसे आसान शिकार छोटे बच्चे और बुजुर्ग बन रहे हैं. कई मामलों में गंभीर चोटें भी आई हैं. ग्रामीण इलाकों में भी स्थिति अलग नहीं है. वहां भी लोग कुत्तों के आतंक से परेशान हैं.
कब जागेगा प्रशासन?
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया तो यह संकट किसी बड़े हादसे का रूप ले सकता है. लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि नगर क्षेत्र में तत्काल डॉग कंट्रोल अभियान चलाया जाए, ताकि नागरिक चैन की सांस ले सकें.

