
उदित वाणी, जमशेदपुर : चक्रधरपुर रेल मंडल के अंतर्गत चाईबासा रेलवे स्टेशन ने आज अपने 100 वर्ष पूरे होने का ऐतिहासिक अवसर भव्य रूप से मनाया. स्टेशन परिसर में आयोजित शताब्दी समारोह में आम जनता, रेलकर्मियों और गणमान्य अतिथियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि चक्रधरपुर मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) श्री तरुण हुरिया रहे, जबकि मंडल के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित थे. समारोह में चाईबासा के विधायक श्री दीपक बिरुआ तथा चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष श्री संजय चौबे की विशेष उपस्थिति रही.

शताब्दी समारोह की शुरुआत सुबह आयोजित सेंटेनरी वॉकथॉन से हुई, जिसका उद्देश्य स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाना था. इस वॉकथॉन में रेलवे कर्मचारियों के साथ-साथ बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया. इसके उपरांत स्टेशन परिसर में एक चिकित्सा शिविर का उद्घाटन किया गया, जिसमें यात्रियों और रेलकर्मियों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, ब्लड प्रेशर, शुगर एवं अन्य बुनियादी परीक्षण किए गए.
मुख्य कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत भाषण से हुई, जिसके बाद अतिथियों ने अपने संबोधन में चाईबासा रेलवे स्टेशन के गौरवशाली इतिहास और उसके 100 वर्षों की यात्रा पर प्रकाश डाला. वक्ताओं ने कहा कि यह स्टेशन न केवल क्षेत्र की यातायात व्यवस्था का महत्वपूर्ण केंद्र रहा है, बल्कि सामाजिक और आर्थिक विकास में भी इसकी अहम भूमिका रही है. विधायक दीपक बिरुआ ने स्टेशन के आधुनिकीकरण और यात्री सुविधाओं के विस्तार की आवश्यकता पर बल दिया.

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरित किए गए. शताब्दी समारोह के विशेष आकर्षण के रूप में केक काटने की रस्म, गुब्बारों का सामूहिक उड़ान और स्टेशन के ऐतिहासिक सफर को दर्शाती एक फोटो प्रदर्शनी का आयोजन किया गया, जिसे यात्रियों और आम लोगों ने काफी सराहा. इसके अलावा मंडलीय सांस्कृतिक अकादमी द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह में रंग भर दिया.

समापन पर अधिकारियों ने कहा कि चाईबासा रेलवे स्टेशन की शताब्दी केवल एक उपलब्धि नहीं, बल्कि भारतीय रेल की सेवा, विश्वास और जनसरोकार की परंपरा का प्रतीक है. यह आयोजन रेलवे और क्षेत्रीय जनता के बीच मजबूत संबंधों की पुनः पुष्टि करता है.

