
उदित वाणी, चाईबासा : बुधवार की शाम लगभग 7 बजे चाईबासा-जमशेदपुर मुख्य मार्ग पर चालियामा के समीप एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ. एक तेज रफ्तार कैंपर वाहन ने सामने से आ रही बाइक को जबरदस्त टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई.
मृतक लोधा गांव का निवासी
जानकारी के अनुसार, मृत युवक पास के ही लोधा गांव का रहने वाला था. वह किसी निजी कार्य से सड़क मार्ग से लौट रहा था, तभी यह हादसा हुआ. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई.
हादसे के बाद उबाल, सड़क जाम
दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए और आक्रोशित होकर सड़क जाम कर दिया. जाम के कारण चाईबासा-जमशेदपुर मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. रात 8 बजे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.
प्रशासन की भूमिका पर उठते सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही और पर्याप्त सुरक्षा उपायों की कमी अक्सर जानलेवा साबित हो रही है. ग्रामीणों ने प्रशासन से इस मार्ग पर स्पीड कंट्रोल व्यवस्था और उचित सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की है.

