
उदित वाणी, बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड के भूतिया इलाके के साल जंगल में दो जंगली हाथियों की मौजूदगी ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है. इनकी पुष्टि के बाद वन विभाग ने अलर्ट जारी कर दिया है और स्थानीय लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है.
इन रास्तों से गुजरते समय बरतें सावधानी
वन विभाग ने खास तौर पर भूतिया सड़क और मटिहाना-चाकूलिया सड़क पर लोगों को सतर्कता से चलने की सलाह दी है. यह इलाका हाथियों की आवाजाही के रास्ते में आता है.
ग्रामीणों के लिए दिशा-निर्देश
वन विभाग ने लोगों से आग्रह किया है कि:
हाथियों के पास जाकर मोबाइल से फोटो या वीडियो न बनाएं.
जंगल में सूखी लकड़ियां या पत्ते बीनने न जाएं.
किसी भी परिस्थिति में हाथियों को न छेड़ें.
आवागमन के लिए जंगल के रास्तों का उपयोग न करें.
हाथियों की गतिविधि अगर गांव की ओर बढ़ती दिखे, तो तुरंत विभाग को सूचना दें.
वन विभाग की सक्रियता
वन विभाग की एक टीम मौके पर तैनात है और लगातार हाथियों की गतिविधियों पर नजर रख रही है. विभाग का प्रयास है कि इन हाथियों को आबादी की ओर बढ़ने से रोका जाए, जिससे किसी प्रकार की अप्रिय घटना न घटे.
खेत में तबाही, किसान परेशान
इधर, स्थानीय किसान राम बाज हंसदा के खेत में पके हुए धान को हाथियों ने खा लिया और अपने पैरों से रौंद भी डाला. इससे उन्हें भारी नुकसान हुआ है.

