
उदित वाणी, बहरागोड़ा : प्रखंड क्षेत्र के बरसोल थाना अंतर्गत एनएच-49 पर स्थित खंडामौदा चौक के पास मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक विक्षिप्त महिला की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुमार राहुल नामक यात्री बस (संख्या JH-05DU-5464) दारिशोल से रांची की ओर जा रही थी. इसी दौरान खंडामौदा चौक के पास अचानक एक विक्षिप्त महिला सड़क पर आ गई. चालक के कुछ समझने से पहले ही बस अनियंत्रित होकर उस महिला को कुचलते हुए आगे बढ़ गई.
इसी बीच पीछे से आ रहे एक कंटेनर (संख्या NL-01L-8852) ने भी नियंत्रण खो दिया और बस के पिछले हिस्से में टकरा गया. हालांकि, इस दुर्घटना में बस सवार यात्रियों को किसी तरह की गंभीर चोट नहीं आई है.
सूचना मिलते ही बरसोल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, जमशेदपुर भेज दिया. पुलिस ने बस एवं कंटेनर दोनों को जब्त कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है.

