
उदित वाणी, बहरागोड़ा : प्रखंड के जगन्नाथपुर में मंगलवार देर रात लगी आग में ग्रामीण सुरेंद्र नायक का रसोईघर जलकर राख हो गया. अग्निकांड में एक बछड़े की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो गायें गंभीर रूप से झुलसकर घायल हो गईं. रसोईघर में रखा अनाज, बर्तन व घरेलू सामान पूरी तरह नष्ट हो गया.
पीड़ित सुरेंद्र नायक ने बताया कि मंगलवार शाम भोजन बनाने के बाद परिवार के सभी सदस्य सो गए थे. देर रात अचानक लगी आग के कारणों की जानकारी किसी को नहीं है. आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों ने शोर मचाया, तब जाकर घरवाले बाहर निकले, लेकिन तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी. ग्रामीणों ने बाल्टियों से पानी डालकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.
इसी बीच किसी ने बहरागोड़ा फायर ब्रिगेड को सूचना दी. दमकल वाहन मौके पर पहुंचा, हालांकि आग पर काफी हद तक इससे पहले ही नियंत्रण पा लिया गया था. प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, घटना में हजारों रुपये की क्षति हुई है.
बुधवार सुबह मुखिया प्रतिनिधि सुधीर सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया. उन्होंने प्रखंड प्रशासन से पीड़ित परिवार को शीघ्र मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की.

