
उदित वाणी, बहरागोड़ा : मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बहरागोड़ा पुलिस ने एक और बड़ी सफलता प्राप्त की है. गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में एनएच-49 पर जामसोला स्थित भारत पेट्रोल पंप के पास से पुलिस ने पांच किलो अवैध गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है.
दोनों आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. इस मामले का खुलासा पूर्वी सिंहभूम के ग्रामीण एसपी ऋषभ ग्रग ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से किया.
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार ओडिशा के दो व्यक्ति हीरो होंडा स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (नंबर OR11E8078) पर गांजे की खेप लेकर पश्चिम बंगाल के चिचिड़ा की ओर जा रहे थे. सूचना मिलते ही बहरागोड़ा पुलिस ने जामसोला मार्ग पर वाहनों की जांच शुरू की. जांच के दौरान पुलिस ने जब उक्त बाइक को रोकने का प्रयास किया तो दोनों सवार भागने लगे. तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने उनका पीछा किया और मौके पर ही पकड़ लिया.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ओडिशा के मयूरभंज जिले के पाठूरी बूढ़ामारा गांव निवासी पहलाद पुटी और आसना गांव निवासी रामचंद्र गिरी के रूप में की गई है. तलाशी के दौरान उनके पास रखी सफेद बोरी से पांच किलो अवैध गांजा बरामद हुआ. पुलिस ने गांजा के साथ तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और दो एंड्रॉइड मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं.
बहरागोड़ा थाना में दोनों के खिलाफ थाना कांड संख्या 73/2025 के तहत एनडीपीएस अधिनियम के प्रावधानों के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है.
इस सफल छापेमारी अभियान में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अजीत कुमार कुजूर, बहरागोड़ा अंचलाधिकारी राजाराम सिंह मुंडा, थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा, पुलिस अवर निरीक्षक राहुल कुमार, सहायक उप निरीक्षक ओम शरण, सुकांत झा, संजू लकड़ा, हवलदार कृष्णा साहू, सुमन कुमार ज्योति, अभिषेक उरांव सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे.
थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा के नेतृत्व में लगातार चल रहे ऐसे अभियानों की स्थानीय लोगों ने सराहना की है. क्षेत्रवासियों का कहना है कि पुलिस की सख्त कार्रवाई से नशे के कारोबार पर अंकुश लगेगा और अपराधों में भी कमी आएगी.

