
उदित वाणी, बहरागोड़ा : बहरागोड़ा थाना पुलिस ने मंगलवार को एनएच-18 के पास गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी करते हुए एक गुमटी दुकानदार को अवैध विदेशी शराब बेचते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है.
गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान बहरागोड़ा के राजलाबांध निवासी शंकर प्रसाद करण के रूप में हुई है. पुलिस ने उसकी गुमटी से दर्जनों बोतल विदेशी शराब बरामद की है. आरोपी यह शराब पश्चिम बंगाल से लाकर बहरागोड़ा में बेच रहा था.
प्राथमिकी दर्ज, न्यायिक हिरासत में भेजा गया
थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई के बाद आरोपी से पूछताछ की गई. इसके आधार पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर बुधवार को उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया. कोर्ट ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
पुलिस की अपील: सहयोग करें, सूचना दें
थाना प्रभारी ने कहा कि इस प्रकार की अवैध गतिविधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा. उन्होंने स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनी रहे और शांति कायम रहे.

