
उदित वाणी, जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम के बहरागोड़ा प्रखंड अंतर्गत पानीपड़ा-नागुड़साई क्षेत्र में सुवर्णरेखा नदी तट पर मिट्टी व बालू के नीचे दबा बम बरामद होने से हड़कंप मच गया. गैस सिलिंडर के आकार के बम पर एएन-एम-64 500-एलबी… अमेरिकन मेड… अनएक्सप्लोडेड (यूएक्सओ) लिखा हुआ है. इससे स्पष्ट है कि यह अमेरिका निर्मित करीब 227 किलो (500 पाउंड) वजन का शक्तिशाली बम है, जो फटा नहीं.
बहरागोड़ा थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा ने बताया कि मामले की सूचना ग्रामीण एसपी को दी गयी है. सुरक्षा के लिहाज से ग्रामीणों को बम से दूर रहने और किसी भी तरह की छेड़छाड़ नहीं करने की सख्त हिदायत दी गयी है.
बहरागोड़ा में सुवर्णरेखा नदी किनारे मिले बम की जांच होगी. इसके लिए क्लाइकुंडा एयरबेस के अधिकारी को पत्र लिखा गया है. वहीं, रांची बम स्क्वायड को बुलाया गया है, ताकि बम को सुरक्षित निष्क्रिय किया जा सके. फिलहाल, बम के पास किसी को जाने से मना किया गया है
एयरबेस का एक लड़ाकू विमान महुलडांगरी के पास क्रैश हुआ था. संभव है कि यह बम उसी विमान से गिरकर नदी की मिट्टी में दब गया हो.

