
उदित वाणी, जमशेदपुर : टेल्को थाना क्षेत्र में रामाकृष्ण मिशन स्कूल के समीप धारदार हथियार से युवक की गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी गई. शव की पहचान गोविंदपुर निवासी अजय श्रीवास्तव (26) के रूप में हुई. इसी क्षेत्र में बीते दिनों एक अन्य युवक की चापड़ मारकर हत्या हो चुकी है. इसी क्रम में प्रतिष्ठित व्यवसायी एवं आदित्यपुर स्मॉल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के उपाध्यक्ष देवांग गांधी के 24 वर्षीय पुत्र कैरव गांधी के अपहरण पर भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने जिला प्रशासन और झामुमो-कांग्रेस सरकार पर कड़ा प्रहार किया.
संजीव सिन्हा ने कहा कि झामुमो-कांग्रेस सरकार में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं. अपहरण की इस वारदात के 48 घंटे बाद भी प्रशासन के हाथ खाली हैं. इस सुस्ती और ढुलमुल रवैये पर सवाल उठाए. उन्होंने कैरव गांधी की शीघ्र बरामदगी के लिए विशेष अनुभवी जांच टीम गठित करने और उच्चस्तरीय जांच की मांग की. बुधवार को उन्होंने देवांग गांधी व परिवार से मुलाकात कर ढांढस बंधाया तथा भरोसा दिलाया कि भाजपा संकट की घड़ी में उनके साथ है.
भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव सिन्हा ने चेतावनी दी कि लगातार हो रही हत्याएं और अपहरण साबित करते हैं कि अपराधियों में शासन-प्रशासन का कोई भय नहीं बचा. अपराधी तय कर रहे हैं कि किसे जीना है, किसे नहीं. यदि हालात पर तुरंत काबू न पाया गया तो लौहनगरी में आम जनता की सुरक्षा गंभीर संकट में फंस सकती है.

