
उदित वाणी, जमशेदपुर : सरायकेला-खरसावां जिला पुलिस में तैनात हवलदार सागर हेंब्रम (58) का सोमवार सुबह हार्ट अटैक से आकस्मिक निधन हो गया. उनके असामयिक निधन से पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर फैल गई है. साथी पुलिसकर्मियों और अधिकारियों ने उन्हें एक कर्तव्यनिष्ठ एवं अनुशासित जवान के रूप में याद किया.
प्राप्त जानकारी के अनुसार हवलदार सागर हेंब्रम पश्चिमी सिंहभूम जिले के हाट गम्हरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत डीहापुसी गांव के निवासी थे. वे वर्तमान में सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी में हवलदार के पद पर कार्यरत थे और पूरी निष्ठा के साथ अपनी सेवा दे रहे थे.
सोमवार की सुबह अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई. सीने में तेज दर्द की शिकायत के बाद सहकर्मियों ने तत्काल उन्हें सरायकेला सदर अस्पताल पहुंचाया. हालांकि, अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. यह खबर मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ पड़ी और कई पुलिसकर्मी अस्पताल पहुंच गए.
पुलिस विभाग के अनुसार मृतक हवलदार के शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में कराया जाएगा. इसके बाद पुलिस लाइन में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा. सम्मान के साथ अंतिम विदाई के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा ताकि उनका अंतिम संस्कार किया जा सके. हवलदार सागर हेंब्रम के निधन से पुलिस विभाग ने एक अनुभवी और समर्पित कर्मी को खो दिया है.

