
उदित वाणी, बोकारो : पेटरवार थाना क्षेत्र के अंगवाली गांव में दहेज की लालच ने एक और परिवार को उजाड़ दिया. दहेज न देने पर ससुराल पक्ष द्वारा गर्भवती महिला को जिंदा जलाकर मार डालने का गंभीर आरोप सामने आया है. इस दर्दनाक घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है.
जानकारी के अनुसार, 29 वर्षीय नीतू कुमारी की शादी तीन वर्ष पूर्व अंगवाली गांव के निवासी विनोद रविदास से हुई थी. शादी के कुछ ही समय बाद से नीतू के पति, सास और अन्य परिजन दहेज की मांग को लेकर उसे लगातार शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे. बीच-बीच में समाज के लोगों द्वारा कई बार समझौते की कोशिश की गई, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ.
मृतका के मायके पक्ष का कहना है कि 18 दिसंबर को नीतू जब रसोई में खाना बना रही थी, तभी ससुराल पक्ष ने उस पर मिट्टी तेल डालकर आग लगा दी. घटना में नीतू 85 से 90 प्रतिशत तक झुलस गई थी. उसे गंभीर हालत में बोकारो जनरल अस्पताल (बीजीएच) में भर्ती कराया गया, जहां 1 जनवरी को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
नीतू गर्भवती थी, जिससे इस घटना ने और भी अधिक आक्रोश पैदा कर दिया है. मायकेवालों ने पति विनोद रविदास, सास तेतरी देवी और मामा साडम निवासी कारू रविदास पर हत्या का आरोप लगाया है.
पेटरवार थाना पुलिस ने नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली है. आरोपी पति विनोद रविदास को गिरफ्तार कर तेनुघाट जेल भेज दिया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है. घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है.

