
उदित वाणी, जमशेदपुर : गोविंदपुर थाना क्षेत्र में 21 दिसंबर हुई फायरिंग की घटना का सफल उद्भेदन करते हुए फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. यह घटना गोविंदपुर थाना क्षेत्र के कृष्ण नगर इलाके में उस समय घटी थी, जब एक पार्टी के दौरान आपसी विवाद में फायरिंग की गई थी. इस घटना में वीरेंद्र महतो नामक व्यक्ति के पांव में गोली लग गई थी, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया था.
घटना के बाद से ही पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी. जांच के क्रम में पुलिस को सूचना मिली कि इस कांड में शामिल बृजेश कुमार कामत नामक व्यक्ति फरार चल रहा है. सूचना के आधार पर गोविंदपुर थाना पुलिस ने जाल बिछाकर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से एक देशी पिस्तौल तथा एक जिंदा गोली भी बरामद की है.
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी बृजेश कुमार कामत का आपराधिक इतिहास भी रहा है. पूर्व में भी उसके खिलाफ गोविंदपुर थाना में आपराधिक मामले दर्ज हैं. प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. बताया जा रहा है कि पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद आरोपी ने गुस्से में आकर फायरिंग कर दी थी.
फायरिंग की इस घटना के बाद घायल वीरेंद्र महतो को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसकी स्थिति अब खतरे से बाहर बताई जा रही है. पुलिस ने मामले में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी को बड़ी सफलता बताया है.
गोविंदपुर थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. साथ ही पुलिस उसके आपराधिक नेटवर्क और अन्य मामलों में संलिप्तता की भी जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अपराध और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है, ताकि आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा बना रहे.

