
उदित वाणी, रामगढ़ : शनिवार की सुबह रामगढ़ जिले में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब जंगली हाथियों का झुंड रांची–पटना राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 33 पर कांकेबार के पास पहुंच गया. करीब 18 हाथियों के इस झुंड को सड़क पार करते हुए देखा गया, जिसके बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद उन्हें सुरक्षित रूप से कांकेबार के जंगल की ओर खदेड़ा.
हाथियों के सड़क पर आने से यातायात कुछ घंटों तक बाधित रहा. सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने वाहनों की आवाजाही अस्थायी रूप से रोक दी. वन विभाग और पुलिस कर्मियों ने मिलकर यात्रियों और ग्रामीणों को सावधानी बरतने की अपील की.
स्थानीय लोगों के अनुसार, झुंड ने रास्ते में स्थित कोठार और घोसी गांवों के खेतों में घुसकर फसलों को नुकसान पहुंचाया. वहीं एक मकान को हाथियों ने क्षतिग्रस्त कर दिया. ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से लगातार हाथियों की आवाजाही बढ़ी है, जिससे लोगों में भय का माहौल बना हुआ है.
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे रात में जंगल क्षेत्र या खेतों की ओर न जाएं और किसी भी गतिविधि की जानकारी तुरंत वन अधिकारियों को दें.

