
उदित वाणी, गुवा : गुवासाई गांव के सामुदायिक भवन में मंगलवार को कांग्रेस यूथ इंटक की बैठक आयोजित की गई, जिसमें ग्रामीणों की विभिन्न बुनियादी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई. बैठक में यूथ इंटक झारखंड प्रदेश अध्यक्ष सत्यम सिंह, प्रदेश सचिव सुरेश सैवईया, झिंकपानी से बिपिन बिरुली व शशी मुंडा, खुटपानी से रेंगो पूर्ति व मांझी होनहांगा, मंझारी से संजीत बिरुवा, तांतनगर से रूपेश पूर्ति तथा चक्रधरपुर से नव प्रधान सहित कई पदाधिकारी शामिल हुए. बैठक की अध्यक्षता सारंडा पीढ़ मानकी सुरेश चाम्पिया ने की.
बैठक में ग्रामीणों ने पेयजल संकट, जर्जर सड़कों, अनियमित बिजली आपूर्ति, रोजगार के अभाव, स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी सहित अन्य मूलभूत समस्याओं को प्रमुखता से उठाया. ग्रामीणों ने कहा कि गुवासाई गांव को गुवा सेल प्रबंधन द्वारा गोद लिए जाने के बावजूद आज भी गांव बुनियादी सुविधाओं से वंचित है.
ग्रामीणों की बातें सुनते हुए यूथ इंटक प्रदेश अध्यक्ष सत्यम सिंह ने कहा कि गुवासाई गांव की समस्याएं गंभीर हैं और लंबे समय से अनसुलझी हैं. उन्होंने कहा कि शीघ्र ही गुवासाई गांव के ग्रामीणों के साथ एक विस्तृत बैठक कर सभी समस्याओं को बिंदुवार सूचीबद्ध किया जाएगा और बाद में सेल प्रबंधन के साथ वार्ता कर उन्हें ग्रामीणों की वास्तविक स्थिति एवं मूलभूत समस्याओं से अवगत कराया जाएगा.
सत्यम सिंह ने चेतावनी दी कि यदि समयबद्ध तरीके से समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो चरणबद्ध आंदोलन की रूपरेखा तैयार कर उग्र आंदोलन किया जाएगा. कार्यक्रम को प्रदेश सचिव सुरेश सैवईया, गुवासाई ग्राम के सहायक मुंडा लंका पूर्ति सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया और समस्याओं के समाधान के लिए ठोस रणनीति बनाने पर जोर दिया.
बैठक में कांग्रेस युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष सलीम कुरैशी, पंचायत समिति सदस्य भादो टोप्पो, विजय कुमार दास, प्रवीण नाग, भरत पूर्ति, मो. सोनू, संदीप होरो, जगदीश दास, दुबराज पूर्ति, गांव के देउरी सुशील पूर्ति, सहायक मुंडा लंका पूर्ति, दिलबर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे. कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत देउरी सुशील पूर्ति ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन एवं मंच संचालन विजय कुमार दास ने किया.

