
उदित वाणी जमशेदपुर : टाटानगर रेलवे स्टेशन रोड पर मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बांस से लदी एक पिकअप वैन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने गहरे गड्ढे में जा गिरी. अचानक हुई इस घटना से स्टेशन रोड पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पिकअप वैन रेलवे स्टेशन की ओर जा रही थी. इसी दौरान मौके पर तैनात यातायात पुलिस द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों को लेकर चालक असमंजस में पड़ गया. चालक का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने बार-बार वाहन की दिशा बदलने को कहा और साथ ही पैसों का दबाव भी बनाया गया. मानसिक दबाव और जल्दबाजी की स्थिति में वह वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और पिकअप सीधे गड्ढे में जा गिरी.
हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन वाहन में लदा बांस सड़क पर फैल जाने से जाम की स्थिति और गंभीर हो गई. रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों, ऑटो चालकों और निजी वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. कई यात्रियों को ट्रेन छूटने के डर से पैदल ही स्टेशन की ओर जाते देखा गया.
करीब दो घंटे तक स्टेशन रोड पर भीषण जाम की स्थिति बनी रही. बाद में आए तेज तूफान और बारिश के कारण सड़क पर मौजूद लोग और वाहन धीरे-धीरे हटने लगे, जिससे जाम में कुछ राहत मिली. क्रेन की मदद से गड्ढे में फंसी पिकअप वैन को बाहर निकाला गया, इसके बाद वाहनों का आवागमन शुरू हुआ, हालांकि आंशिक जाम देर तक बना रहा.

