
उदित वाणी, रांची : प्रदेश भाजपा के सांगठनिक चुनाव की प्रक्रिया जनवरी माह तक पूरे कर लिये जायेंगे. लंबे समय से टाले जा रहे सांगठानिक चुनावों को लेकर शनिवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित बैठक में पार्टी के झारखंड प्रभारी तथा राज्यसभा में पार्टी के सचेतक लक्ष्मीकांत बाजपेयी ने इस संबंध में कड़े निर्देश दिए. बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग भी उपस्थित थे.
गौरतलब है कि प्रदेश भाजपा द्वारा मंडल व जिला समेत प्रदेश स्तर तक सांगठनिक चुनाव को लगातार टाला जा रहा है. वहीं पार्टी द्वारा सक्रिय सदस्यों की सूची भी तैयार कर लिया गया है. लेकिन इसे भी अबतक प्रकाशित नहीं किया गया. प्रदेश प्रभारी लक्ष्मीकांत बाजपेयी ने इसको लेकर सख्त निर्देश देते हुए कहा कि मंडल, जिला और प्रदेश स्तर तक के चुनाव जनवरी तक पूरा करें.
केंद्र से आए भाजपा के दोनों वरिष्ठ नेताओं ने प्रदेश कमेटी से कहा कि पार्टी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के आने से पहले प्रदेश संगठन के चुनाव पूरे करें. उन्होंने कहा कि राज्य की हेमंत सरकार के गठन के एक साल पूरे हो गए. प्रदेश संगठन को सरकार की नीतियों का विरोध तेज करना होगा. जनता के बीच जाकर सरकार की नीतियों और भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन करने की आवश्यकता है.

