
उदित वाणी सरायकेला: सरायकेला बडाहरिहरपुर मैदान में आयोजित अंतर-ग्रामीण वॉलीबॉल प्रतियोगिता के रोमांचक फाइनल मुकाबले में बिकानीपुर की टीम ने श्रीरामपुर को सीधे सेटों में 15-9 और 15-7 से मात देकर चैंपियन ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। फाइनल मैच में बिकानीपुर ने शानदार तालमेल और दमदार प्रदर्शन किया, जबकि श्रीरामपुर की टीम पूरे मैच में संघर्ष करती दिखी।
यह प्रतियोगिता सरायकेला जिला के पदमपुर में अवस्थित बिजली उत्पादक कंपनी आधुनिक पावर एंड नेचुरल रिसोर्सेस लिमिटेड (एपीएनआरएल) के सीएसआर विभाग द्वारा आयोजित की गई थी। मैच समाप्त होते ही पूरा मैदान तालियों और “विनर-विनर” के नारों से गुंजायमान हो उठा।

प्रतियोगिता में कुल सात गांवों—बिकानीपुर, श्रीरामपुर, बड़ाहरिहरपुर, छोटाहरिहरपुर, पदमपुर, महादेवपुरम और पिंड्राबेरा—की टीमों ने उत्साह के साथ भाग लिया। हर मुकाबले में ग्रामीण युवा खिलाड़ियों का जोश और खेल भावना देखने लायक थी।
उद्घाटन समारोह में एपीएनआरएल के मानव संसाधन विभाग के जीएम एस. के. परवेज और सहायक महाप्रबंधक मंजीत सिंह उपस्थित रहे, जिन्होंने खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया। समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में दुग्धा पंचायत के मुखिया मोहन बास्के ने विजेता टीम बिकानीपुर और उपविजेता टीम श्रीरामपुर को ट्रॉफी प्रदान की तथा सभी प्रतिभागी टीमों की सराहना की।
आयोजन के संयोजक संजीत सिन्हा ने कहा कि यह सिर्फ खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि गांवों के बीच भाईचारा और खेल भावना को बढ़ाने का मंच है। ग्रामीण खेल प्रेमियों ने ऐसे आयोजनों की निरंतरता की मांग की है ताकि युवा खेल के माध्यम से उज्ज्वल भविष्य की ओर बढ़ सकें। खिलाड़ियों ने एपीएनआरएल प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए धन्यवाद कहा।

