
उदित वाणी आदित्यपुर (का.प्र.): आदित्यपुर_02 के मार्ग संख्या_04 स्थित अंबेडकर चौक पर लगी बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को असामाजिक तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त किए जाने की घटना सामने आई है। यह तोड़फोड़ 2 दिसंबर की रात को होने की आशंका जताई गई है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों और बाबा साहेब के अनुयायियों में तीखा आक्रोश पनप गया है।
एससी/एसटी/ओबीसी समन्वय समिति, आदित्यपुर ने इस कृत्य की कठोर निंदा करते हुए कहा कि यह केवल प्रतिमा क्षतिग्रस्त करने की घटना नहीं, बल्कि सामाजिक सौहार्द को भंग करने का प्रयास है। घटना के बाद समिति की महिला नेत्री शारदा देवी, समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व पार्षद पांडी मुखी, महासचिव लाल बहादुर शास्त्री सहित उमाशंकर राम, यदुनंदन राम, राम आशीष राम, राजदेव राम और सुरेंद्र प्रसाद ने संयुक्त रूप से RIT थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायतकर्ताओं ने मांग की है कि प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने वाले असामाजिक तत्वों की जल्द पहचान कर कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए कड़ा संदेश जा सके।
समिति के सदस्यों ने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और अंबेडकर चौक पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की भी मांग की है, ताकि ऐसी आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी रोक लग सके।

